
अमृता खानविलकर ने चर्चा करते हुए कहा, “मराठमोली चंद्रमुखी असली चंद्रमुखी के सामने परफॉर्म करने जा रही है’’
1. ‘झलक दिखला जा’ पाँच साल के बाद वापसी कर रहा है और इससे कई उम्मीदें हैं। इस पर आपके क्या विचार हैं?
‘झलक दिखला जा’ के दसवें सीजन में बॉलीवुड के बेस्ट जजेस में से कुछ हैं। करण सर इस शो में अपना अनोखापन लेकर आए हैं और सभी का मनोरंजन कर रहे हैं। जबकि माधुरी मैडम का डांस और अदाओं से काफी पुराना नाता है। नोरा जिंदादिली की लहर हैं और हम सभी का उत्साह बढ़ाती हैं। कितना बेहतरीन सफर रहा है उनका! इस सीजन के प्रतियोगी भी बेहतरीन हैं और हर किसी की उपलब्धियाँ हैं। उन्हें शानदार तरीके से शो में पेश किया जा रहा है। निया से लेकर गुंजन तक हर किसी की अपनी उपलब्धियाँ हैं। मैं पूरी झलक फैमिली के साथ इस मनोरंजक सफर का हिस्सा बनकर उत्साहित हूँ।
2. आपके दोस्तों और परिवार की प्रतिक्रिया क्या थी, जब आपने उन्हें बताया कि आप इस शो का हिस्सा बन रही हैं?
वे बहुत खुश हैं। मेरी माँ बेहद सपोर्टिव हैं और हिमांशु को मेरा डांस करना पसंद है। उन्हें पता है कि डांस करते वक्त मैं खुश रहती हूँ।
3. यह शो एक लंबे अंतराल के बाद आ रहा है, तो इसके रिहर्सल्स काफी कठिन रहे होंगे। आपका अनुभव कैसा रहा?
रिहर्सल्स बिलकुल भी सख्त नहीं थे। मैं क्लासिकल और सेमी-क्लासिकल डांस में अच्छी हूँ, लेकिन बाचाटा और लैटिन मेरे लिये नये डांस फॉर्म्स हैं। इसके अलावा, मैंने हील्स पहनकर कभी स्टेज पर परफॉर्म नहीं किया है, जोकि इस शो में कभी-कभार करना पड़ेगा। इसमें चुनौती होगी, लेकिन मैं इसके लिये तैयार हूँ!
4. जब आप शो में माधुरी दीक्षित नेने से मिलीं, तब कैसा लगा?
सबसे पहले तो, वह अनुभव अविश्वसनीय और सचमुच जादुई था। मैं फ्रीज हो गई थी, मेरी लाइनें भूल गई, यहां तक कि अपनी एंट्री भी भूल गई थी, यह सब उनकी आभा और खूबसूरती के चलते हुआ। उन्हें देखकर हम सभी दंग थे।
5. दूसरे जजेस करण जौहर और नोरा फतेही के साथ आपके सम्बंध कैसे हैं?
करण सर और मैं बॉलीवुड की एक फिल्म ‘राज़ी’ में साथ काम कर चुके हैं। उस समय वो मेरे प्रोड्यूसर थे और अब जज हैं। उन्हें सुखद आश्चर्य हुआ था, जब उन्हें पता चला कि मैं डांस करती हूँ। मैं नोरा के साथ भी काम कर चुकी हूँ। उनका डांस का सफर और आज का उनका मुकाम बहुत प्रेरणा देने वाला है। मैं इन महान जजेस का मार्गदर्शन पाने के लिए बहुत उत्साहित हूं और बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।
6. आपके हिसाब से इस डांस रियलिटी शो में आपका सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी कौन है?
मेरे हिसाब से कोई नहीं, लेकिन कुछ को मैं सचमुच पसंद करती हूँ। मुझे लगता है कि निया निडर और एकाग्र है और इस शो में कमाल कर सकती है। शो में सबसे कम उम्र की प्रतियोगी गुंजन है, जो छोटा पैकेट बड़ा धमाका है। आप किसी बच्चे के साथ मुकाबला नहीं कर सकते! गशमीर मेरे लिये भाई जैसा है, जो हमेशा कड़ी टक्कर देगा। जबकि रूबीना हर जगह अपना करिश्मा बिखेरती है और अपने स्टाइल से हर किसी को चौंका देती है।
7. क्या आपको लगता है कि ‘झलक दिखला जा’ सीजन 10 आपके लिये सही समय पर आया है, क्योंकि यह आपकी नई मराठी फिल्म ‘चंद्रमुखी’ के ठीक बाद आया है?
बिलकुल! मराठमोली चंद्रमुखी असली चंद्रमुखी के सामने परफॉर्म करने जा रही है! मैं माधुरी दीक्षित नेने के कारण आज एक एक्ट्रेस हूँ। मैंने उनसे, उनकी अदाकारी और एक्टिंग से बहुत प्रेरणा ली है। मैं चार साल की उम्र से उनके गानों पर डांस कर रही हूँ। ऐसा कोई गणेशोत्सव नहीं हुआ है, जब मैंने उनके गानों पर परफॉर्म न किया हो। उनके सामने परफॉर्म करना सपने के सच होने जैसा है। जब उन्होंने कहा कि वे मेरे गानों और फिल्मों के बारे में जानती हैं, तब मुझे एक खास एहसास हुआ। उन्होंने मेरी एक फिल्म को लेकर ट्वीट भी किया था। यह सपने जैसा लगता है! दुनिया में कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो ब्रह्मांड से संचालित होती हैं और यह उनमें से एक है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं ‘झलक दिखला जा 10’ का हिस्सा हूँ।”