
भोपाल: बीते कुछ महीनों से दर्शकों को देश भर के अलग-अलग उम्र के लोगों के तरह-तरह स्टैंड-अप एक्ट्स दिखाने के बाद सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के कॉमेडी शो इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन की एक जोरदार समाप्ति हुई। हर वीकेंड एक शानदार मुकाबले और ढेर सारी हंसी के साथ 27 अगस्त को रात 9:30 बजे हुए लाफ्टर के ग्रैंड फिनाले में टॉप 5 फाइनलिस्ट्स - मुंबई के नितेश शेट्टी, मुंबई के जयविजय सचान, मुंबई के विग्नेश पांडे, उज्जैन के हिमांशु बवंडर और दिल्ली के रजत सूद ने शो के जजों - अर्चना पूरन सिंह और शेखर सुमन के सामने एक आखिरी बार अपनी जोरदार प्रस्तुति दी। इस शाम को और खास बनाने के लिए फिल्म लाइगर के कलाकार – विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे के साथ-साथ स्पेशल गेस्ट सुनील ग्रोवर भी रिंकू भाभी के अपने मशहूर अवतार में नजर आए।
जहां पूरे देश को यह जानने का बेसब्री से इंतजार था कि इन टॉप 5 फाइनलिस्ट्स में से किसे विजेता घोषित किया जाएगा, वहीं आखिरकार दिल्ली के रजत सूद को इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन की प्रतिष्ठित ट्रॉफी से नवाजा गया।
रजत सूद को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की तरफ से 25 लाख रुपए का चेक दिया गया और मुंबई के नितेश शेट्टी को फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया। इसी तरह, एक दूसरे को कड़ी टक्कर देने वाले मुंबई के जयविजय सचान और विग्नेश पांडे के बीच टाई हो गया और उन्हें सामूहिक रूप से सेकंड रनर-अप घोषित किया गया।
‘कॉमेडी’ एक ऐसा शब्द है, जिससे सभी वाकिफ हैं, लेकिन रजत ने अपने कॉमेडी एक्ट्स में बड़ी खूबसूरती से ‘पोएट्री’ यानी शायरी को शामिल किया और इसलिए उन्हें ‘पॉमेडी किंग’ की उपाधि मिली। दिल्ली के इस लड़के ने हर बार जजों को अपने खोए प्यार की कहानियां सुनाकर इम्प्रेस किया और जल्द ही दर्शकों के दिलो-दिमाग में दिल्ली वाले लवर बॉय की छवि बना ली। अपने आकर्षक सिग्नेचर स्टाइल में रजत सूद पहले अपनी शायरी की पहली लाइन बोलते हैं और फिर इस पर गैग करते हैं और अंत में एक शायरी के साथ इस गैग को पूरा करते हैं। उनके इसी खास अंदाज़ ने सभी को शुरुआत से इम्प्रेस कर लिया था। उनकी इसी खासियत ने उन्हें औरों से अलग बनाया और इसी वजह से दर्शकों ने भी उन्हें बहुत पसंद किया। इस सीज़न के दौरान खास मेहमान के रूप में आने वाले राजकुमार राव ने अपने ब्रेकअप के बाद उनसे कुछ टिप्स ली थीं, तो तापसी पन्नू रजत की दिलकश शायरी पर फिदा हो गई थीं। अब विजय देवरकोंडा ने तो उन्हें यह तक कह दिया कि वो उनकी हाजिरजवाबी और आत्मविश्वास से किस कदर इम्प्रेस हुए हैं। कुल मिलाकर, इस शो में रजत का सफर बड़ा मुकम्मल रहा और वो वाकई इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन के इस सीज़न के विजेता कहलाने के हकदार हैं।
रजत सूद, इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन के विजेता ने कहा : “जब सेलिब्रेशन की शुरुआत हुई और मेरे नाम की घोषणा की गई, तो मैं खुशी से उछल पड़ा। कुछ पलों के लिए तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि मैं जीत गया हूं। मैंने अपने दिमाग में कई बार इस पल के लिए प्लानिंग कर रखी थी, लेकिन जब यह सच हुआ तो मैं हैरान रह गया! यह मेरे लिए एक यादगार पल था, क्योंकि मैं ज़िंदगी में पहली बार अपने पैरेंट्स के सामने परफॉर्म कर रहा था। उन्होंने पहले सिर्फ ऑनलाइन मेरा काम देखा था और उन्होंने कभी मुझसे इस बारे में बात भी नहीं की थी। उनकी मौजूदगी मेरे लिए आशीर्वाद की तरह है। आप अचानक जो फैसले करते हैं, वो असल में कायनात का सिग्नल होता है, जो हमें बताता है कि अच्छी चीजें होने वाली हैं। मेरे पिता बहुत खुश हैं। मैं उनकी आंखों में वो गर्व देख सकता था। अब मुझे अलग-अलग अवसरों और शोज़ का इंतजार है। मुझे अब और ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी और मुझमें बेहतर करने की एक आग है। मैं एक बेहतर आर्टिस्ट बनने के लिए अब और ज्यादा पढ़ने और खुद को तैयार करने की कोशिश करूंगा।”
शेखर सुमन, इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन के जज ने कहा : “रजत इस जीत के पूरे हकदार हैं! उन्होंने जी जान से मेहनत की और यह वाकई एक कड़ा मुकाबला था। आमतौर पर जब एक या ज्यादा से ज्यादा दो काबिल प्रतियोगी हों, तो मुकाबला इतना कड़ा नहीं होता। लेकिन यहां तो सभी कंटेस्टेंट्स एक से बढ़कर एक थे और अपनी कला में माहिर थे। मुझे लगता है कि रजत का अपना एक अंदाज़ है और वो बड़े प्यारे लड़के हैं। वो नए जमाने के हैं और काफी यंग हैं, लेकिन उनकी समझ 40-50 साल के व्यक्ति की तरह है। वो बड़े आकर्षक और फुर्तीले हैं। तो जब आप उन्हें उनकी मौजूदगी, स्पॉन्टेनिटी, उनके कॉन्टेंट, उनकी टाइमिंग, उनकी सहजता और आत्मविश्वास के साथ मंच पर देखते हैं तो ये सारी खूबियां उन्हें एक विनर बना देती है।”
अर्चना पूरन सिंह, इंडियाज़ लाफ्टर चैंपियन की जज ने कहा : “इस शो के दौरान हमने बहुत-से प्रभावशाली कॉमेडियंस देखे, जिन्होंने कॉमेडी की अलग-अलग स्टाइल्स पेश की। लेकिन रजत ऐसे थे, जिन्होंने हर एपिसोड के साथ हमारा ध्यान आकर्षित किया। मैं शुरुआत से ही जानती थी कि उनमें कुछ खासियत है, जो हमें उन पर गौर करने पर मजबूर कर देती है और जैसे-जैसे वो परफॉर्म करते रहे, वो और निखरकर सामने आते गए। उनकी लवर बॉय की इमेज है और जिस तरह से वो अपनी कॉमेडी में शायरी को शामिल करते हैं, उसे देखकर मुझे लगा कि वो यह शो जीतने के लिए एक परफेक्ट कैंडिडेट हैं। मैंने करीब से उनका सफर देखा है और मुझे उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। उनका फिनाले एक्ट बेहतरीन था। उनकी परफॉर्मेंस की कंसिस्टेंसी, उनका स्टेज प्रेजेंस, उनकी हाजिरजवाबी और चुटीले जवाब और उनका चॉकलेट बॉय वाला लुक - इन सभी बातों ने उन्हें विनर बना दिया। यह एक सर्वोत्तम चुनाव था।”
रजत सूद को उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं !