भोपाल : ‘भाबीजी घर पर हैं‘ में अम्मा जी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री सोमा राठौड़ ने अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से प्रशंसकों को खूब हंसाया है। हमारे साथ एक मजेदार बातचीत में, इस 38 वर्षीय अभिनेत्री ने अभिनय के अपने प्रेरणादायक सफर पर चर्चा की और व्यक्तिगत एवं पेशेवर जिंदगी की चुनौतियों से उबरने के बारे में बात की।
1.अभिनेत्री के रूप में आपका यह सफर कैसा रहा?
इस इंडस्ट्री में बतौर ऐक्टर मेरा सफर बहुत उतार-चढ़ाव भरा रहा है। आपने अभिनय के लिये कलाकारों पर वजन घटाने के दबाव की कहानियां तो बहुत सुनी होंगी, लेकिन मेरी कहानी अलग है, क्योंकि मुझे अपने किरदार के लिये वजन बढ़ाना पड़ा। मैंने जब ऐक्टर बनने का फैसला किया और ऑडिशन्स देने शुरू किये, तो मैं बहुत ज्यादा पतली या मोटी नहीं थी। क्योंकि, मैं किसी किरदार की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही थी, इसलिये बार-बार रिजेक्ट हो जाती थी। फिर मेरे एक दोस्त ने मुझे सुझाया कि मुझे वजन बढ़ाना चाहिये, क्योंकि इससे बहुत ज्यादा मोटे किरदारों को निभाने का मुझे मौका मिल सकता है। इसलिये मैंने प्लस साइज रोल्स के लिये कास्टिंग डायरेक्टर्स की नजरों में आने के लिये अपना वजन बढ़ाया, जो हमारी इंडस्ट्री में आम बात नहीं है। इससे मुझे टीवी इंडस्ट्री में काफी काम मिला और मैं ‘भाबीजी घर पर हैं‘ जैसे हिट शो का हिस्सा बन पाई।
2.क्या आपको मिले रिजेक्शन्स अभिनय को अपने कॅरियर के रूप में अपनाने से आपको रोक पाये?
ज्यादा मोटा होने से हमें यह अहसास होता है हम इस दुनिया के लिये बने ही नहीं हैं। लोग हमारे मोटापे को लेकर हमारी हंसी उड़ाते हैं। हमें अपनी साइज के कपड़े भी नहीं मिलते, क्योंकि हमारी साइज के कपड़े बनाये ही नहीं जाते। हां, इससे तकलीफ तो जरूर होती है, लेकिन मैंने कभी भी ऐक्टिंग के अपने कॅरियर को छोड़ने के बारे में नहीं सोचा। बल्कि मैंने खुद और भी मजबूत बनाया और खुद ही अपने मोटापे का मजाक उड़ाने लगी, क्योंकि आपको मेरे मोटापे पर हंसने का अधिकार नहीं है। दूसरे लोग आपके जैसे हिम्मती नहीं हो सकते हैं, लेकिन आपको हमेशा खुद को स्वीकार करना चाहिये और अपने आप से प्यार करना चाहिये।
3.अब आपने इंडस्ट्री में अपनी एक पहचान बना ली है। क्या आप अभी भी मोटे किरदारों को निभाना चाहेंगी?
मुझे अम्मा जी का किरदार निभाने में बहुत मजा आ रहा है, क्योंकि इसने मुझे भारतीय टेलीविजन पर एक अनूठी पहचान दी है। यदि किरदार की बात करें तो इंडस्ट्री में मेरे मुकाबले में काफी कम लोग हैं। इसलिये मोटापे की वजह से, मुझे उन किरदारों को निभाने का फायदा होता है, जो खासतौर से मुझे ध्यान में रखकर लिखे जाते हैं।
4.अम्मा जी का आपका किरदार घर-घर में मशहूर हो गया है। जब आपने ‘भाबीजी घर पर हैं‘ में काम शुरू किया था, तो क्या आपको इसकी कोई अपेक्षा थी?
जब मुझे रोल ऑफर किया गया था, तो मैं एक मां का किरदार निभाने को लेकर घबराई हुई थी। मुझे रोहिताश्व की मां का किरदार निभाने के लिये कहा गया था, जो न सिर्फ उम्र में मुझसे 20 साल बड़े हैं, बल्कि इंडस्ट्री में उन्हें मुझसे 20 साल से ज्यादा का अनुभव भी है। लेकिन हमारे डायरेक्टर शशांक बाली और राइटर मनोज संतोषी ने मुझे यह रोल लेने के लिये मनाया, क्योंकि वे इस किरदार की संभावनाओं और उसमें मेरी भागीदारी को देख रहे थे। और आज मैं उनकी बहुत शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे अम्मा जी का किरदार दिया, जिसने मुझे घर-घर में पहचान दिला दी है। मुझे खुद भी इस किरदार को निभाने में बहुत मजा आ रहा है। वह एक ऐसी शख्स है, जिसके साथ उलझने की किसी की हिम्मत नहीं है। लेकिन इसके साथ ही वह अनूठे तरीके से अपनी बहू रानी को सपोर्ट भी करती है। सच कहूं, तो मैं चाहती हूं कि असली जिंदगी में भी हर साूु मां इसी तरह से अपनी बहुओं को सपोर्ट करें(हंसते हुये)।
5.असली जिंदगी में रोहिताश्व और शुभांगी के साथ आपका रिश्ता कैसा है?
रोहिताश्व जी और शुभांगी अत्रे के साथ मेरा रिश्ता किसी भी कल्पना से परे है। हम बेस्ट फ्रेंड्स हैं और सेट पर एक साथ मिलकर कारस्तानियां करते हैं। मैं हमेशा से ही एक जिंदादिल, मस्त और बेफिक्र शख्स रही हूं। शुरूआत में, रोहिताश्व जी के साथ स्क्रीन शेयर करते हुये मुझे बहुत घबराहट हो रही थी, क्योंकि वो मुझसे काफी सीनियर हैं, लेकिन उन्होंने चीजों को बहुत ज्यादा सहज बना दिया और अब परदे के बाहर भी हमारी बॉडिंग बहुत मजबूत है। हम जब सेट पर होते हैं, तो एक-दूसरे के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने की कोशिश करते हैं। और मुझे शो के कलाकारों के साथ रील्स बनाने में बहुत मजा आता है। जब वे आस-पास होते हैं, तो मुझे कभी भी बोरियत नहीं होती है। सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि पूरी टीम मुझे अम्मा जी कहकर बुलाती है और मैं उन सभी से बहुत प्यार करती हूं।
6.इस इंडस्ट्री में कॅरियर बनाने के इच्छुक कलाकारों को आप क्या सलाह देना चाहेंगी?
आपको खुद पर विश्वास करना चाहिये और आप चाहे किसी भी उम्र के हों, आपकी बॉडी कैसी भी हो या आप लड़का हो अथवा लड़की ऐक्टिंग को कॅरियर बनाने का जुनून आपमें होना ही चाहिये। अपने सपनों के पीछे भागें, फिर चाहे वे छोटे हों या बड़ें और कभी भी हार नहीं मानें।
सोमा राठौड़ को ‘भाबीजी घर पर हैं‘ में अम्मा जी का किरदार निभाते हुए देखिये, हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10ः30 बजे सिर्फ एण्डटीवी पर!