पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने आतंकियों को फ्रीडम फाइटर्स बताया:पहलगाम घटना पर कहा- भारत अपनी नाकामी छिपाने के लिए PAK पर इल्जाम लगा रहा

Updated on 25-04-2025 02:08 PM

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने पहलगाम हमले के आतंकियों को ‘स्वतंत्रता सेनानी’ कहा है। डार ने कहा- हमें शुक्रगुजार होना चाहिए कि ये तो फ्रीडम फाइटर्स भी हो सकते हैं। हालांकि, हम नहीं जानते कि ये कौन हैं। मुझे लगता है कि वे अपनी नाकामी और अपनी घरेलू राजनीति के लिए पाकिस्तान पर इल्जाम लगा रहे हैं।

इशाक डार पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारत के पास इस हमले में पाकिस्तान के शामिल होने का कोई सबूत है तो इसे दुनिया के सामने पेश करे। डार ने कहा कि भारत बार-बार पाकिस्तान पर ऐसी घटनाओं का आरोप लगाता रहा है। इस बार भी भारत ने वही खेल खेला है।

डार ने कहा, 'इन हालात को देखते हुए मैंने बांग्लादेश और अफगानिस्तान की अपनी यात्राएं रद्द कर दी हैं, ताकि हम कूटनीतिक प्रतिक्रिया तैयार कर सकें।' भारत की बढ़ती आक्रामकता को लेकर विदेश मंत्री डार ने कहा कि पाकिस्तान भी भारत की तरह कदम उठाएगा।

सिंधु जल समझौता रद्द करने पर भारत को धमकी, कहा- ये जंग के समान

पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि अगर कोई भी दुस्साहस करने की कोशिश करता है तो पाकिस्तान की सेना ऐसी चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार है। डार ने कहा कि वे पहले भी कोशिश कर चुके हैं और फेल रहे हैं। इसलिए इस बार उनके लिए यह और भी बुरा होगा।

डार ने सिंधु जल समझौता रद्द करने पर भारत को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यह जंग के समान है। उन्होंने कहा- पाकिस्तान में 24 करोड़ लोगों को पानी की जरूरत है। आप इसे रोक नहीं सकते। इस पर अगर भारत पानी को मोड़ने की कोशिश करता है तो यह जंग के समान माना जाएगा।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री बोले- भारत ने हमारा नाम घसीटा तो करारा जवाब देंगे

इस मौके पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री के साथ रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भी मौजूद थे। उन्होंने साफ किया कि अभी तक भारत सरकार ने पहलगाम घटना के लिए सीधेतौर पर पाकिस्तान का नाम नहीं लिया है, लेकिन भारतीय मीडिया और बाकी लोग ऐसा कर रहे हैं।

आसिफ ने कहा कि अगर भारत आधिकारिक तौर पर इस घटना में पाकिस्तान का नाम लेता है तो देश इसका करारा जबाव देगा। न तो भारत और न ही दुनिया को इस पर कोई संदेह होना चाहिए। पाकिस्तान को अपनी हिफाजत करने का पूरा अधिकार है। जब बात हमारी जमीन की हो तो हम किसी के आगे भी नहीं झुकेंगे।

पाकिस्तान बोला- भारत आतंकी हमले की तैयारी कर रहा

ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि भारत जंग करने और पाकिस्तानी शहरों में आतंकी हमले की तैयारी कर रहा है, लेकिन हम इसका जवाब देने को तैयार हैं। यदि हमारे लोगों को खतरा हुआ तो हम जवाबी कार्रवाई करेंगे। अगर हमारे एक भी नागरिक को नुकसान पहुंचा तो भारत भारी कीमत चुकाएगा। तब भारत को भी पता चल जाएगा कि हम कैसे जवाब देते हैं।

आसिफ ने कहा कि हमने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की है। हम दुनिया में कहीं भी आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हैं, चाहे वह भारत में ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दुनिया में आतंकवाद का सबसे बड़ा शिकार है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान दोनों जगहों पर आतंकवाद फैल रहा है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के नेता भारत में बैठे हैं। वहां वे अपना इलाज कराते हैं। यह कोई अटकलबाजी नहीं है बल्कि एक फैक्ट है।

आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद का निर्यात किया जा रहा है। अफगानिस्तान से जो कुछ भी हो रहा है या फिर बलूचिस्तान में जो हो रहा है, उसके पीछे भारत का हाथ है। उन्होंने कहा कि भारत ने कनाडा और अमेरिका में आतंकवाद फैलाया है। दोनों देश इस पर आपत्ति जता चुके हैं। अल्लाह का शुक्र है कि पाकिस्तान पर ऐसे कोई आरोप नहीं हैं।

PAK बोला- दोनों देशों के पास परमाणु हथियार, दुनिया को चिंतित होना चाहिए

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार को ब्रिटिश अखबार द स्काई को इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने कहा कि पहलगाम मामले को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच शुरू हुआ विवाद दोनों देशों के बीच बड़े जंग का रूप ले सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत जो भी करेगा, पाकिस्तान उसका जवाब देगा। अगर चीजें गलत हुईं तो इस टकराव का असर खतरनाक हो सकता है। आसिफ ने कहा कि दुनिया को चिंतित होना चाहिए क्योंकि दोनों ही देशों के पास परमाणु हथियार हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश बातचीत के जरिए इस मुद्दे को सुलझा लेंगे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 01 August 2026
ढाका: बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने कहा कि एक देश के साथ रिश्ते बेहतर होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे देश के साथ रिश्ते खराब…
 01 August 2026
मॉस्को/नई दिल्ली: भारत बिजली की रफ्तार से 'फ्यूचर रेडी कॉम्बैट व्हीकल' (FRCV) और 'फ्यूचर मेन बैटल टैंक' (FMBT) प्रोग्राम के तहत अपने खुद के बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों का तेजी से…
 01 August 2026
मैड्रिड: स्पेन ने कहा है कि उत्तरी अफ्रीका के स्पेनिश इलाके सेउटा में अचानक आए प्रवासी संकट पर बहुत हद तक काबू कर लिया गया है। स्पेनिश अधिकारियों का कहना…
 01 August 2026
मास्‍को/नई दिल्‍ली/कीव: भारत और रूस के बीच दोस्‍ती सोवियत जमाने से ही दुनिया में एक मिसाल है। साल 1971 का बांग्‍लादेश युद्ध हो या भारत का परमाणु विस्‍फोट, रूस भारत…
 31 July 2026
ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में स्थित चीनी दूतावास में 'पीपुल्स लिबरेशन आर्मी' की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ मनाया गया है। इस मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें बांग्लादेश…
 31 July 2026
तेलअवीव/तेहरान: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेनई ने अपने पिता की अयातुल्‍ला की हत्‍या के बाद सत्‍ता तो संभाल ली है लेकिन उन्‍हें इस हमले के बाद किसी ने…
 31 July 2026
इस्लामाबाद: फारूक खान उर्फ कमांडर फारूक सुधन की पीओके में प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी की चपेट में आने से मौत हो गई है। वो पहले पाकिस्तान के…
 31 July 2026
काठमांडू: नेपाल के दक्षिणपूर्वी तराई-मधेस क्षेत्रों जैसे कोशी और मधेस प्रांत में दो समुदायों के बीच हुई सांप्रदायिक झड़प के बाद हिंसा फैल गई है। ये क्षेत्र भारत की सीमा…
 31 July 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि गाजा में हमास और इजराइल के बीच एक बड़ा समझौता हुआ है। हमास और दूसरे सभी हथियारबंद संगठनों ने हथियार…
Advt.