मॉरीशस में PM मोदी बोले- जोगीरा सा रा रा रा:कहा- यहां से होली का रंग लेकर जाऊंगा, आपके लिए महाकुंभ का पवित्र जल लाया हूं

Updated on 12-03-2025 03:14 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के दो दिन के राजकीय दौरे पर हैं। मंगलवार शाम मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने उन्हें देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान देने की घोषणा की। इस इवेंट में पीएम मोदी ने इंडियन डायस्पोरा को संबोधित किया। उन्होंने भोजपुरी में अपने भाषण की शुरुआत की।

उन्होंने कहा, 'जब 10 साल पहले आज की ही तारीख पर मैं मॉरीशस आया था, उस साल होली एक हफ्ते पहले बीती थी, तब मैं भारत से फगवा की उमंग अपने साथ लेकर आया था। अब इस बार मॉरीशस से होली के रंग अपने साथ लेकर भारत जाऊंगा।'

'राम के हाथे-ढोलक होसे, लक्ष्मण हाथ मंजीरा, भरत के हाथ कनक पिचकारी, शत्रुघन हाथ अबीरा... जोगी रा सा रा रा रा रा....'

PM मोदी के भाषण की 10 प्रमुख बातें...

1. दोनों देशों के रिश्ते मॉरीशस की चीनी जैसे मीठे

पीएम ने कहा कि एक समय था जब भारत के पश्चिमी हिस्से में मिठाइओं के लिए मॉरीशस से भी चीनी आती थी। शायद यह भी एक वजह रही कि गुजराती में चीनी को मोरिस कहा गया। समय के साथ भारत और मॉरीशस के रिश्तों की यह मिठास और भी बढ़ती जा रही है।

2. मॉरीशस की मिट्‌टी में भारत के पूर्वजों का खून-पसीना

मोदी बोले कि यहां की मिट्टी में, हवा में, पानी में अपनेपन का एहसास है। गीत गवाई में, ढोलक की थाप में, दाल पूरी में, कुच्चा में और गातो पिमा में भारत की खुशबू है, क्योंकि यहां की मिट्टी में कितने ही भारतीयों का, हमारे पूर्वजों का खून-पसीना मिला हुआ है।

3. सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने का शुक्रिया

पीएम ने कहा कि आपने मुझे सम्मान दिया, इसे मैं विनम्रता से स्वीकारता हूं। यह उन भारतीयों का सम्मान है जिन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस धरती की सेवा की और मॉरीशस को इस ऊंचाई पर लेकर आए। मैं मॉरीशस के हर नागरिक और यहां की सरकार का इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करता हूं।

4. 12 मार्च का दिन भारत-मॉरीशस दोनों के लिए अहम

पिछले साल नेशनल डे के मौके पर भारत की राष्ट्रपति मुख्य अतिथि थीं। यह वही दिन है जब महात्मा गांधी ने गुलामी के खिलाफ दांडी सत्याग्रह शुरू किया था। ये दिन दोनों देशों के आजादी के संघर्ष को याद करने का दिन है। कोई भी बैरिस्टर मणिलाल जैसे महान व्यक्तित्व को नहीं भूल सकता, जिन्होंने मॉरीशस आकर लोगों के हक की लड़ाई शुरू की थी।

5. मुझे हमारे पूर्वजों का दर्द, तकलीफ याद आती है

पीएम ने कहा कि जब मैं आपके बीच आता हूं तो 200 साल पहले की उन बातों में भी खो जाता हूं जिनके बारे में हमने सिर्फ पढ़ा है। वो अनेक हिंदुस्तानी जो गुलामी के कालखंड में यहां झूठ बोलकर लाए गए, जिन्हें दर्द मिला, तकलीफ मिली, धोखा मिला और मुश्किलों के उस दौरे में उनका संबल थे भगवान राम।

6. राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई, तो मॉरीशस में भी उत्साह था

पीएम ने कहा कि प्रभु राम और रामायण के लिए जो आस्था और भावना मैंने सालों पहले अनुभव की थी वह आज भी महसूस करता हूं। भावना का वही ज्वार पिछले साल जनवरी में भी दिखा जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ।

हमारा 500 साल का इंतजार खत्म हुआ, तो जो उत्साह भारत में था, वही मॉरीशस में था। आपकी भावनाओं को समझते हुए तब मॉरीशस ने आधे दिन की छुट्टी भी घोषित की थी।

7. आपके लिए संगम से महाकुंभ का जल लाया हूं

मैं जानता हूं कि मॉरीशस के अनेक परिवार अभी महाकुंभ में भी होकर आए हैं। मुझे यह भी पता है कि अनेक परिवार चाहते हुए भी महाकुंभ में नहीं आ पाए। मुझे आपकी भावनाओं का ख्याल है, इसलिए मैं अपने साथ पवित्र संगम का जल लेकर आया हूं। इस पवित्र जल को कल यहां गंगा तालाब को अर्पित किया जाएगा।

यह सुखद संयोग है कि आज से 50 साल पहले भी गोमुख से गंगाजल यहां लगा गया था, और उसे गंगा तालाब में अर्पित किया था। अब कुछ ऐसा ही कल फिर से होने जा रहा है। मेरी प्रार्थना है कि गंगा मैय्या के आशीर्वाद से, मॉरीशस समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए।

8. मॉरीशस में मिनी हिंदुस्तान बसता है

मॉरीशस को भले ही 1968 में आजादी मिली, लेकिन जिस तरह यह देश सबको साथ लेकर आगे बढ़ा यह दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा उदाहरण है। यह अलग अलग कल्चर का एक खूबसूरत बगीचा है। भाषा, खान-पान और बोली के हिसाब से देखें तो मॉरीशस में मिनी हिंदुस्तान बसता है।

भारत की अनेक पीढ़ियों ने मॉरीशस को फिल्मी पर्दे पर भी देखा है। मॉरीशस का शायद ही कोई कोना हो जो भारतीय फिल्मों का हिस्सा न बना हो। धुन भारतीय हो और लोकेशन मॉरीशस हो तो फिल्म के हिट होने की गारंटी बढ़ जाती है।

9. भोजपुरी में बोले- हमके भी मखाना बहुत पसंद बा

पीएम ने कहा कि पूर्वाचंल का सांसद होवे के नाते हम जननी कि बिहार का सामर्थ्य कितना ज्यादा बा। एक समय रहे जब बिहार दुनिया का समृद्धि के केंद्र रहल अब हम मिलके बिहार के गौरव वापस लइके काम करल हइजा।

बिहार का मखाना आज भारत में बहुत चर्चा में है। आप देखेंगे कि वो दिन दूर नहीं जब बिहार का यह मखाना दुनिया भर में स्नैक्स मैन्यू का हिस्सा होगा। हम जानिला की हियां मखाना के कितना पसंद करला जा, हमके भी मखाना बहुत पसंद बा।

10. भारत और मॉरीशस भविष्य की संभावनाओं से जुड़े

मोदी ने कहा कि मॉरीशस एक ब्रिज है जो भारत को ग्लोबल साउथ के साथ जोड़ता है। 10 साल पहले PM के तौर पर मेरी पहली मॉरीशस यात्रा में मैंने सागर विजन का ऐलान किया था। आज मॉरीशस इस विजन के केंद्र में है।

भारत हमेशा मॉरीशस के साथ खड़ा है। भारतीय कंपनियों ने मॉरीशस में लाखों डॉलर का निवेश किया। कोरोना के समय भारत पहला देश था, जिसने मॉरीशस को 1 लाख वैक्सीन और जरूरी दवाइयां दी थी। आज मॉरीशस भारत के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान' से भी जुड़ा है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 01 August 2026
ढाका: बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने कहा कि एक देश के साथ रिश्ते बेहतर होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे देश के साथ रिश्ते खराब…
 01 August 2026
मॉस्को/नई दिल्ली: भारत बिजली की रफ्तार से 'फ्यूचर रेडी कॉम्बैट व्हीकल' (FRCV) और 'फ्यूचर मेन बैटल टैंक' (FMBT) प्रोग्राम के तहत अपने खुद के बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों का तेजी से…
 01 August 2026
मैड्रिड: स्पेन ने कहा है कि उत्तरी अफ्रीका के स्पेनिश इलाके सेउटा में अचानक आए प्रवासी संकट पर बहुत हद तक काबू कर लिया गया है। स्पेनिश अधिकारियों का कहना…
 01 August 2026
मास्‍को/नई दिल्‍ली/कीव: भारत और रूस के बीच दोस्‍ती सोवियत जमाने से ही दुनिया में एक मिसाल है। साल 1971 का बांग्‍लादेश युद्ध हो या भारत का परमाणु विस्‍फोट, रूस भारत…
 31 July 2026
ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में स्थित चीनी दूतावास में 'पीपुल्स लिबरेशन आर्मी' की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ मनाया गया है। इस मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें बांग्लादेश…
 31 July 2026
तेलअवीव/तेहरान: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेनई ने अपने पिता की अयातुल्‍ला की हत्‍या के बाद सत्‍ता तो संभाल ली है लेकिन उन्‍हें इस हमले के बाद किसी ने…
 31 July 2026
इस्लामाबाद: फारूक खान उर्फ कमांडर फारूक सुधन की पीओके में प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी की चपेट में आने से मौत हो गई है। वो पहले पाकिस्तान के…
 31 July 2026
काठमांडू: नेपाल के दक्षिणपूर्वी तराई-मधेस क्षेत्रों जैसे कोशी और मधेस प्रांत में दो समुदायों के बीच हुई सांप्रदायिक झड़प के बाद हिंसा फैल गई है। ये क्षेत्र भारत की सीमा…
 31 July 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि गाजा में हमास और इजराइल के बीच एक बड़ा समझौता हुआ है। हमास और दूसरे सभी हथियारबंद संगठनों ने हथियार…
Advt.