भोपाल : पांच महीने की मेहनत, सुर और ताल को निखारने की लगन और मंच पर एक से बढ़कर एक शानदार परफॉर्मेंस के बाद, ज़ी टीवी के सारेगामापा के टॉप फाइनलिस्ट्स ने ग्रैंड फिनाले में अपनी आखिरी दमदार प्रस्तुति दी। इस जबर्दस्त मुकाबले में मुंबई की श्रद्धा मिश्रा ने सबको पीछे छोड़ते हुए इस सीज़न का खिताब अपने नाम किया। ट्रॉफी जीतने के बाद दर्शकों की तालियों और खुशी के शोर के बीच श्रद्धा ने अपने सपने को सच होते देखा। सुभाश्री देबनाथ और उज्ज्वल मोतीराम गजभर पहले और दूसरे रनर-अप रहे।
ग्रैंड फिनाले की धमाकेदार शुरुआत टॉप 6 फाइनलिस्ट्स - श्रद्धा मिश्रा, उज्ज्वल मोतीराम गजभर, सुभाश्री देबनाथ, बिदिशा हतिमुरिया, पार्वती मीनाक्षी और महर्षि सनत पंड्या की ज़बर्दस्त परफॉर्मेंस से हुई। उनकी एंट्री ने ऐसा माहौल बना दिया कि ऑडियंस सीट से उठ खड़ी हुईं। इस मौके पर सचिन-जिगर, सचेत-पर्रपरा और गुरु रंधावा ने अपने सुपरहिट गानों पर परफॉर्मेंस देकर फिनाले में चार चांद लगा दिए।
फिनाले के दौरान जाने-माने सिंगर्स उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी मौजूदगी और गानों से शो को और खास बना दिया। वहीं, क्रिकेट स्टार हरभजन सिंह ने अपने मज़ेदार किस्सों और भांगड़ा से पूरे माहौल को धमाकेदार बना दिया। हरभजन ने फिनाले में आईएलटी ट्रॉफी 20 ट्रॉफी का अनावरण भी किया, जिससे शो का जोश दोगुना हो गया। फाइनल फेस-ऑफ में श्रद्धा मिश्रा, उज्ज्वल मोतीराम गजभर, सुभाश्री देबनाथ और बिदिशा हतिमुरिया ने ऐसी कमाल की परफॉर्मेंस दी कि सबकी नज़रें स्क्रीन पर जम गईं। यह सीज़न का शानदार और यादगार एंड साबित हुआ।
अपनी जीत पर श्रद्धा ने कहा, “यह मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है। सारेगामापा का सफर मेरे लिए एक लाइफ-चेंजिंग एक्सपीरियंस रहा। मेरे मेंटर्स ने हमेशा मुझे गाइड और मोटिवेट किया। सचिन-जिगर के साथ मेरा पहला ओरिजिनल सॉन्ग ‘धोखेबाज़ी’ रिकॉर्ड करना मेरे लिए बड़ा मोमेंट था। इस गाने को जो प्यार मिला, उससे मैं बेहद खुश हूं। मैं इस शो से बहुत सारी यादें लेकर जा रही हूं और अपने म्यूज़िक करियर को एक नई शुरुआत देने के लिए उत्साहित हूं। उन सभी का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मेरा साथ दिया।”
सचिन सांघवी ने कहा, “श्रद्धा की परफॉर्मेंस और उनका फोकस कमाल का था। उनकी मेहनत उन्हें सबसे अलग बनाती है। यह सीज़न खास था क्योंकि इसमें सिंगर्स को अपने ओरिजिनल सॉन्ग लॉन्च करने का मौका मिला। श्रद्धा में मुझे हमेशा एक छोटी बहन जैसा फील होता है। मैं सभी कंटेस्टेंट्स के शानदार करियर की दुआ करता हूं।”
जिगर सरैया ने कहा, “मेरे लिए तो सभी छह फाइनलिस्ट्स विनर हैं। लेकिन श्रद्धा ने अपने टैलेंट और मेहनत से खुद को सबसे अलग साबित किया। इतने टैलेंटेड लोगों को इतने करीब से देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। मुझे पूरा यकीन है कि ये सभी कंटेस्टेंट म्यूज़िक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।”