
भोपाल : कॉलेज के दिन किसी की भी जिंदगी के सबसे यादगार दिन होते हैं। इसी सोच को एक सांचे में ढालने और उन दिनों की यादों को ताजा करने के लिए, ‘कॉलेज रोमांस’ अपने तीसरे सीजन के साथ फिर लौट आया है। तीसरा सीजन दर्शकों को दोस्ती, ड्रामा, रिश्ते और ऐसे ही मुद्दों के एक और मस्तीभरे सफर पर ले जाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। कहानी में नए चेहरों और कई नए ट्विस्ट के साथ, यह सीजन पुराने किरदारों और उनके विभिन्न आयामों की गहराइयो में भी गोते लगाने वाला है।
एक ज़िद्दी, बोल्ड और आत्मविश्वास से भरी लड़की, दीपिका की भूमिका निभा रहीं, श्रेया मेहता को अपने कॉलेज के दिन, अपनी उम्मीदें और वह हकीकत याद आ गई, जिनका सामना उन्होंने कॉलेज में किया था। श्रेया इस शो के सीजन 3 के लिये पूरी तरह तैयार हैं। वह कहती हैं, “मेरी कॉलेज लाइफ खाने-पीने और फैशन से कहीं ज्यादा थी। चूंकि, हमारे ग्रुप में चार लड़कियां थीं, हम सुबह जल्दी उठ जाया करती थीं, सबसे बेहतर कपड़े पहनने की कोशिश करती थीं, क्लास में क्रिएटिव होती थीं, लेकिन हमारा ज्यादातर दिन स्ट्रीट फूड खाने के साथ खत्म होता था। तो, कॉलेज के लिए मेरी उम्मीदें ‘रंग दे बसंती’ के लेवल वाली थीं, लेकिन इसकी हकीकत ‘सेक्स इन द सिटी’ के लेवल वाली हो गई थी जहां चार लड़कियां दिनभर सड़कों और गलियों में घूमा करती थीं।”
द वायरल फीवर और अरुणाभ कुमार द्वारा निर्मित, ‘कॉलेज रोमांस’ सीजन 3 को पारिजात जोशी ने निर्देशित किया है। इस शो को लिखा है आशुतोष चतुर्वेदी और पंकज मावचि ने, जिसमें गगन अरोड़ा, अपूर्वा अरोड़ा, केशव साधना, श्रेया मेहता, नुपूर नागपाल, जान्हवी रावत और एकलव्य कश्यप, प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘कॉलेज रोमांस’, सीजन 3 जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा!