
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला वार्नर पार्क बस्सेटर, सेंट किट्सो में खेला जाना है। पहले मैच में 68 रनों से शानदार जीत दर्ज कर भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेंगे इस पर हर किसी की नजरें टिकी है। रोहित पहले मुकाबले में ऋषभ पंत के साथ नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव के साथ ओपनिंग करने उतरे थे। सूर्यकुमार भारत ओपनर नहीं बल्कि एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं।
ऐसे में अब भारतीय पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने दूसरे टी20 से पहले रोहित शर्मा को प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने का सुझाव दिया है। आकाश चोपड़ा की माने तो रोहित के साथ संजू सैमसन ओपनिंग कर सकते हैं जिन्हें केएल राहुल के बाहर होने के बाद टी20 टीम में जगह मिली है। सैमसन के टीम में आने से श्रेयस अय्यर पर गाज गिर सकती है।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा 'टीम में कुछ बदलाव करने होंगे क्योंकि यहां तेज गेंदबाजों के लिए अधिक सहायता है। अगर आपने पहले मैच में सूर्यकुमार को अपनिंग करने का मौका दिया तो दूसरे मैच में भी उन्हें मौका दें, मगर सूर्यकुमार ओपनर नहीं है। मैं सोच रहा था कि टीम को सूर्यकुमार को एक और मौका देना चाहिए, मगर मैं संजू सैमसन को ओपनिंग करता देख हैरान नहीं होऊंगा। अगर सूर्यकुमार ओपनिंग करते हैं तो बैटिंग ओर्डर सेम रहेगा, वहीं अगर संजू सैमसन आते हैं तो श्रेयस अय्यर बाहर हो सकते हैं।'