
भोपाल : स्पोटीफाय इंडिया ने अपनी नई ओरिज़नल ऑडियो सीरीज़, ’कमांडर करन सक्सेना' के लॉन्च की घोषणा की है। सोनू सूद की आवाज में लेखक अमित खान के नॉवेल की सीरीज़, ‘हमलादार कमांडर सक्सेना’ पर आधारित यह दिलचस्प थ्रिलर, 15 अगस्त से केवल ऑडियो स्ट्रीमिंग ऐप, स्पोटीफाय पर उपलब्ध होगा ।
करन सक्सेना एक मृदुभाषी एवं साहसी कमांडर है, जो अकेले काम करता है और बिना कोई सवाल किए अपना काम पूरा करके दिखाता है। कमांडर करन सक्सेना की तीन लोकप्रिय किताबों, ‘एक वैज्ञानिक की तलाश’, ‘चक्रव्यूह’ और ‘मेरे हाथ मेरे हथियार’ को श्रोताओं को नया अनुभव प्रदान करने के लिए पोडकास्ट के लिए रूपांतरित किया गया है। हर किताब में छः एपिसोड हैं, जिनमें से प्रत्येक एपिसोड 15 मिनट का है और यह 15 अगस्त से स्पोटीफाय पर रिलीज़ होगा।
पोडकास्ट की दुनिया में अपने प्रवेश के बारे में सोनू सूद ने कहा, ‘‘हमारे देशीय कथा के सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो में से एक को अपनी आवाज देने का अवसर पाकर मैं बहुत कृतज्ञ हूँ। हालाँकि मैं इस शैली की कई फिल्मों में काम कर चुका हूँ, पर एक एक्शन ऑडियो सीरीज़ तैयार करना बहुत चुनौतीपूर्ण था। पोडकास्ट के लिए रिकॉर्डिंग करके मैंने बहुत कुछ नया सीखा और मैं अपने फैंस के लिए आगे भी ऐसे चुनौतीपूर्ण काम करता रहूँगा।”
ध्रुवांक वैद्य, हेड ऑफ पॉडकास्ट-इंडिया, स्पोटीफाय ने कहा, ‘‘कमांडर करन सक्सेना पर अमित खान की किताबों को हिंदी लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है। अब इन कहानियों को हम ऑडियो में प्रस्तुत करने के लिए बहुत उत्साहित हैं, और सोनू सूद ने उन्हें स्पोटीफाय पर जीवंत किया है। एक्शन थ्रिलर्स हमारे प्लेटफॉर्म पर बेहद लोकप्रिय हैं, और हमें यकीन है कि इस सीरीज में तेज-तर्रार रोमांच के लिए श्रोता वापस आते रहेंगे।’’
एमएनएम टॉकीज़ द्वारा निर्मित और अभिनेता/डायरेक्टर मंत्र मुग्ध द्वारा निर्देशित इस काल्पनिक शो में एक सीक्रेट एजेंट के सफर के बारे में बताया गया है, जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के लिए लड़ता है। शुरुआती 18 एपिसोड के लाइव होने के बाद, सीरीज़ की अगली 7 किताबों को ऑडियो बुक के रूप में सुनाया जाएगा। देशभक्त कमांडर के साथ आ जाईये क्योंकि वह देश की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता मानता है। स्पोटीफाय पर सभी एपिसोड मुफ्त में सुनें।
स्पोटीफाय हर तरह के ऑडियो का लोकप्रिय साधन बनने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसने हाल ही में ऑडियो बुक स्पेस में अपनी पहुँच बढ़ाने के लिए Findaway का अधिग्रहण किया है।