रूसी सैन्य 'मुख्यालय' पर वैगनर का कब्जा, मॉस्को जाने वाले रास्ते बंद, पुतिन बोले- अंजाम भुगतना पड़ेगा

Updated on 24-06-2023 09:18 PM
मॉस्को: रूस में वैगनर समूह के विद्रोह के बाद हालात बेकाबू हैं। वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने दावा किया है कि उनके लड़ाकों ने रोस्तोव में रूसी सेना के दक्षिणी सैन्य मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। प्रिगोझिन ने खुद रोस्तोव में रूसी सेना मुख्यालय के अंदर होने का दावा किया है। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विद्रोह करने वालों को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। रूसी सेना ने मॉस्को समेत कई बड़े शहरों की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर के विद्रोह को देखते हुए मॉस्को में एक आपात बैठक की अध्यक्षता भी की है। वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि वैगनर के कई लड़ाकों को अपनी गलती का अहसास हो चुका है। हम उनके स्थायी बेस तक सुरक्षित लौटने की गारंटी देते हैं।


पुतिन ने वैगनर को अंजाम भुगतने की धमकी दी

पुतिन ने रूसी नागरिकों, सेना और सुरक्षा एजेंसियों को संबोधित करते हुए कहा कि रूसी अधिकारी रूस में दोबारा विभाजन नहीं होने देंगे, लोगों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात में सभी दिशाओं के सैन्य कमांडरों से बात की, सेना बहादुरी से लड़ रही है। उन्होंने यूक्रेन में रूसी सेना के विशेष सैन्य अभियान के दौरान किसी भी कलह से दूर रखने की नसीहत भी दी है। उन्होंने वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन पर निशाना साधते हुए कहा कि अत्यधिक महत्वाकांक्षाओं के कारण रूस के विरुद्ध देशद्रोह हुआ। पुतिन ने दो टूक लहजे में कहा कि विद्रोह के प्रयास के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को निश्चित ही सजा का सामना करना पड़ेगा, उन्हें कानून और लोगों को जवाब देना होगा।

रूसी सेना के क्षेत्रीय मुख्यालय पर वैगनर का कब्जा


वैगनर प्रमुख प्रिगोझिन ने रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में रूसी सेना मुख्यालय के अंदर होने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि उनके लड़ाकों ने शहर के सैन्य स्थलों पर नियंत्रण कर लिया है। प्रिगोझिन ने टेलीग्राम पर एक वीडियो में कहा कि हम (सेना) मुख्यालय के अंदर हैं, यह सुबह 7:30 बजे (04:30 GMT) है। वैगनर प्रमुख ने कहा कि रोस्तोव में एक हवाई अड्डा सहित कई सैन्य स्थल हमारे नियंत्रण में हैं। वहीं, मध्य रूस में लिपेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने मॉस्को को दक्षिणी क्षेत्रों से जोड़ने वाला एम-4 मोटरवे को यातायात के लिए बंद कर दिया है।

प्रिगोझिन ने रूसी सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री को बुलाया

वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने मांग की है कि रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूस के शीर्ष जनरल वालेरी गेरासिमोव दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में उनसे मिलने आएं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में प्रिगोझिन ने कहा कि वह अभी दक्षिणी सैन्य जिले के मुख्यालय में हैं, जो रोस्तोव-ऑन-डॉन में है। उसने कहा कि हम यहां पहुंचे हैं, हम जनरल स्टाफ के प्रमुख और शोइगु का स्वागत करना चाहते हैं। जब तक वे नहीं आते, हम यहीं रहेंगे, हम रोस्तोव शहर की नाकाबंदी करेंगे और मास्को के लिए कूच करेंगे।

देश को संबोधित करेंगे पुतिन


रूसी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के हवाले से कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही टेलीविजन पर एक संबोधन देंगे। इससे पहले, क्रेमलिन ने कहा था कि वैगनर समूह और रक्षा मंत्रालय के बीच सामने आ रहे तनाव के बारे में पुतिन को नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूसी समाचार एजेंसियों से कहा कि सुरक्षा सेवाएं और कानून प्रवर्तन एजेंसियां मतलब- रक्षा मंत्रालय, एफएसबी, आंतरिक मंत्रालय, राष्ट्रीय गार्ड चौबीसों घंटे राष्ट्रपति को रिपोर्ट कर रहे हैं।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने वैगनर से की अपील

रूस के रक्षा मंत्रालय ने वैगनर लड़ाकों से अपील करते हुए कहा है कि उन्हें येवगेनी प्रिगोझिन ने धोखा दिया और आपराधिक काम में घसीटा। मंत्रालय ने कहा कि वैगनर समूह की कई टुकड़ियों को अपनी गलती का एहसास हो चुका है। वह यह सुनिश्चित करने में मदद मांग रहे हैं कि वे अपने स्थायी बेस पर सुरक्षित लौट सकें। मंत्रालय पहले ही इन सभी लड़ाकों और कमांडरों को ऐसी सहायता प्रदान कर चुका है। मंत्रालय वैगनर सदस्यों से समझदारी से काम लेने और जल्द से जल्द रूसी रक्षा मंत्रालय या कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों से संपर्क करने को कहता है। रूसी रक्षा मंत्रालल ने वैगनर लड़ाकों से अपने प्रतिनिधियों और कानून प्रवर्तन सेवाओं से संपर्क करने का आग्रह किया, और उनकी सुरक्षा की गारंटी देने का वादा किया।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 10 August 2026
ढाका: भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से सोमवार को मुलाकात की है। बांग्लादेश का उच्चायुक्त नियुक्त होने के बाद त्रिवेदी की बांग्लादेश के प्रधानमंत्री…
 10 August 2026
तेल अवीव: सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच हुए 'मक्का समझौते' के बाद इजरायल का मानना है कि इस समझौते के बाद उसके भारत से संबंध और मजबूत होंगे।…
 10 August 2026
ढाका: बांग्लादेश में हो रहे अहम घटनाक्रम के बीच भारत के चार सुरक्षा अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ढाका पहुंचा है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल बांग्लादेशी सेना की खुफिया एजेंसी डॉयरेक्टरेट जनरल ऑफ…
 10 August 2026
वॉशिंगटन: अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने प्रस्तावित FCRA संशोधन बिल 2026 को लेकर चल रही अटकलों का खंडन किया है जिसमें कहा जा रहा है कि…
 10 August 2026
काठमांडू: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज राजधानी काठमांडू में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात करने वाले हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह आज पहली बार किसी देश…
 10 August 2026
काठमांडू: नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने आज सिंह दरबार में प्रधानमंत्री कार्यालय और मंत्रिपरिषद के दफ्तर में प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की है। यह शिष्टाचार मुलाकात…
 10 August 2026
टोक्यो: भारतीय रक्षा मंत्रालय ने संसद को सौंपी एक रिपोर्ट में बताया है कि भारत यूरोपीय देशों के छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान प्रोग्राम में शामिल होने के लिए बातचीत…
 10 August 2026
टोरंटो: कनाडा ने 2026 के शुरुआती छह महीनों में 3,323 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया है। यह संख्या अमेरिका की तरफ से करीब सात महीनों में भारत वापस भेजे गए…
 07 August 2026
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के ब्रॉड पीक हिमस्खलन की चपेट में आने से मारे गए मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा (निम्स दाई) समेत 5 अन्य पर्वतारोहियों का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर स्कार्दू ले…
Advt.