
मुंबई : सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन 5 दिसंबर से सुपरहिट टर्किश ड्रामा '1001 नाइट्स' (बिंबिर जीसी) का हिंदी रीमेक 'कथा अनकही' लेकर आ रहा है। दर्शकों के दिलों के तार छेड़ देने का वादा करता यह शो पछतावे से भरी एक प्रेम कहानी है, जो कभी ना भुलाए जाने वाले एक ऐसे ज़ख्म से जुड़ी है, जिससे कथा और विआन के बीच दरार पैदा हो जाती है, लेकिन दोनों फिर भी एक दूसरे से बंधे रहते हैं। इस लव स्टोरी में दिखाया गया है कि किस तरह मुश्किल से मुश्किल घड़ी में प्यार उभरकर सामने आता है और इसे बेहद खास तरीके से पेश करने जा रहे हैं चार्मिंग एक्टर अदनान खान और खूबसूरत एक्ट्रेस अदिति शर्मा।
एक खास रोल में टेलीविजन पर वापसी करने जा रहे दर्शकों के फेवरेट अदनान खान इस शो में विआन के लीड किरदार में नजर आएंगे। विआन एक स्थापित बिज़नेसमैन हैं, और पूर्व में हुई एक भावुक घटना के चलते उनकी सोच महिलाओं के खिलाफ हो गई है। जब भी वो किसी चीज को लेकर शिद्दत से कुछ महसूस करते हैं, तो वो तुरंत फैसला लेते हैं क्योंकि वो खुद को नियंत्रण में रखना चाहते हैं।
पॉपुलर टर्किश सीरीज़ '1001 नाइट्स' के हिंदी रीमेक - 'कथा अनकही' का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित अदनान खान बताते हैं, "मैं 'कथा अनकही' का हिस्सा बनने को लेकर वाकई बहुत उत्साहित हूं। जब मेकर्स इस कहानी के साथ मेरे पास आए तो मैं इस कहानी और किरदार से काफी प्रभावित था और मैंने तुरंत हां कह दी। जब मैंने '1001 नाइट्स' के बारे में सुना, तब मुझे पता चला कि यह दुनिया भर में कितना लोकप्रिय है। फिर जब मैंने स्क्रिप्ट सुनी तो मैं समझ गया कि इस कहानी को इतना क्यों सराहा गया। ऐसे में इसके हिंदी रीमेक का हिस्सा बनना एक कलाकार के तौर पर सुनहरे अवसर से कम नहीं है। इस शो की कहानी भारतीय टेलीविजन पर एक ताजा हवा के झोंके की तरह है। यह कथा और विआन की कहानी के साथ प्यार, पश्चाताप और कभी ना भुलाए जाने वाले एक ज़ख्म के एहसास में गहराई से झांकता है। यह शो पश्चाताप की एक प्रेम कहानी है, जिसमें भावनाओं का सैलाब है और इसलिए मुझे यकीन है कि ये कहानी और उसके किरदार दर्शकों के दिलों को छू जाएंगे। यह सफर वाकई बहुत खास होने वाला है और बतौर कलाकार मेरे लिए एक अलग अनुभव लेकर आएगा, जहां मुझे अपनी कला के नए पहलू को आज़माने का मौका मिलेगा। मुझे 'कथा अनकही' के साथ इस नए सफर का बेसब्री से इंतजार है।"
'कथा अनकही', शुरू हो रहा है 5 दिसंबर से, हर सोमवार से शुक्रवार रात 8:30 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर।