मुंबई । चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग को उम्मीद है कि ऑलराउंडर मोईन अली अगले सप्ताह तक फिट होकर टीम से जुड़ जाएंगे। मोइन टखने की चोट के कारण सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे थे। इस मैच में सीएसके को हार का सामना करना पड़ा था।
फ्लेमिंग ने कहा, ‘मोइन का टखना मुड़ गया था, अब एक्सरे में यह सामने आया है कि फ्रेक्चर नहीं है पर इससे उबरने में उसे कुछ समय लगेगा। उम्मीद करते हैं कि वह तेजी से उबरेगा क्योंकि उसके फ्रेक्चर नहीं है।’
मोईन इस सत्र में हालांकि अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं। मोईन ने अब तक 17.40 की औसत से 87 रन बनाए हैं जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 48 रनों की खेली पारी भी शामिल है। वह अब तक आठ ओवर में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। सुपरकिंग्स की टीम इस सत्र में अपने खिलाड़ियों की चोटों के कारण परेशान है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर और एडम मिल्ने पहले ही चोटों के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में मोइन के नहीं होने से सीएसके टीम की परेशानी और बढ़ गयी है।
फ्लेमिंग ने खराब फॉर्म से जूझ रहे ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को बल्लेबाजी क्रम में धोनी से ऊपर भेजने के फैसले का भी बचाव किया। धोनी ने पिछले मैच में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ टीम को जीत दिलाई थी जब उन्होंने अंतिम ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाये थे।