भोपाल :सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का सिंगिंग रियलिटी शो, 'इंडियन आइडल 13', अपने 'ड्रीम फिनाले' एपिसोड में 'सेलिब्रेटिंग रानी मुखर्जी' स्पेशल लेकर आएगा, जिसमें कोई और नहीं बल्कि खुद रानी मुखर्जी मौजूद होंगी। शो में पहली बार आने वाली रानी न सिर्फ अपनी आगामी फिल्म 'मिसेज़ चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' को प्रमोट करेंगी, बल्कि टॉप 7 कंटेस्टेंट्स की परफॉर्मेंस का मजा भी लेंगी। इस दौरान कोलकाता की कंटेस्टेंट बिदिप्ता चक्रवर्ती फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' और 'बंटी और बबली' के गानों क्रमशः 'तुम्हीं देखो ना' और 'चुप चुप के' गाकर सभी को प्रभावित कर देंगी।
बिदिप्ता की दिल छू लेने वाली परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए रानी मुखर्जी कहती हैं, "मैंने कई तरह की फिल्में की हैं, लेकिन मेरा सबसे फेवरेट जॉनर 'रोमांस' है! आपने जो पहला गाना 'तुम्हीं देखो ना' गाया, वो मेरे करियर के सबसे पसंदीदा गानों में से एक है। हमने न्यूयॉर्क में 'कभी अलविदा ना कहना' की शूटिंग की थी और मुझे याद है कि सितंबर के महीने में बहुत ठंड थी। 'तुम्हीं देखो' ना' में 'मौसमों में रोमांस' दिखाया गया था और गाने में एक हिस्सा था जहां हम बारिश दिखाना चाहते थे, जिसमें मैंने लाल साड़ी पहनी हुई है। जब हम उस हिस्से को शूट करने गए तो बारिश शुरू होनी थी, लेकिन यह नहीं हो सका क्योंकि पानी बर्फ बन चुका था।"
'चुप चुप के' के बारे में बात करते हुए, रानी ने बताया, "बंटी और बबली भी एक प्यारी फिल्म थी और बिदिप्ता आपने फिल्म से वही कॉस्टयूम पहना है, जो वाकई बड़ा प्यारा है। खासतौर पर आपने अपनी कलाई पर जो स्क्रंची पहन रखी है, वह मुझे फिल्म की शूटिंग के दिनों की याद दिलाती है। जब हमने इस गाने को लद्दाख में शूट किया था, तब बहुत ठंड थी, और हमें गरमागरम मैगी नूडल्स खाने में बहुत मजा आया। अब जब आपने गाना गाया, तो मुझे मैगी नूडल्स की याद आ गई!" इसके अलावा, रानी मुखर्जी बिदिप्ता को 'कुछ कुछ होता है' की 'टीना' की तरह एक्टिंग करना सिखाएंगी।
देखना न भूलें 'इंडियन आइडल सीज़न 13', इस रविवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर।