
मुंबई : सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन इंडियाज़ बेस्ट डांसर के तीसरे सीज़न के साथ लौट आया है और इसे लेकर दर्शकों के बीच भी काफी हलचल है! 8 अप्रैल को रात 8 बजे से शुरू हो रहे इस शो में देश भर के डांस प्रेमी, ईईएनटी (एंटरटेनमेंट, इमोशन, न्यूनेस एवं टेक्नीक) स्पेशलिस्ट्स - जज सोनाली बेंद्रे, टेरेंस लुइस और गीता कपूर को इम्प्रेस करने के लिए ऑडिशन राउंड में अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस देंगे। जहां जज टेरेंस लुइस और गीता कपूर "टेक्नीक" और "न्यूनेस" के आधार पर कंटेस्टेंट्स को परखने में अपनी भूमिका निभाएंगे, वहीं सोनाली बेंद्रे "एंटरटेनमेंट" और "इमोशन" की कसौटी पर कंटेस्टेंट्स का आकलन करेंगी। डांस के एक नए युग की शुरुआत करते हुए, यह सीज़न उन कंटेस्टेंट्स को सामने लाएगा, जिनके मूव्स ही उनकी पहचान हैं, और कैसे वे इस कला के जरिए खुद को एक्सप्रेस करते हैं।
सोनाली बेंद्रे के साथ एक खास चर्चा के दौरान इस एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि वो एक जज के रूप में क्या चाहती हैं और कैसे इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3 का हिस्सा बनकर वो खुद भी सीखने के सफर पर निकल पड़ी हैं।
1. यह पहली बार है, जब आप इंडियाज़ बेस्ट डांसर के साथ जुड़ी हैं। इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3 की जज के रूप में कंटेस्टेंट्स को परखने का आपका क्या पैमाना होगा?
- मैं इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3 का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित हूं। मैंने पिछले सीज़न्स देखे थे और भारत भर में हमारे पास जो अद्भुत प्रतिभा है, उनमें से कई तो खुद से ही सीखे हैं। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि इस सीज़न में क्या-क्या होने वाला है। यह धमाकेदार होने का वादा करता है। जहां गीता और टेरेंस हर परफॉर्मेंस में 'नयापन' और 'टेक्नीक' देखेंगे, वहीं मैं 'इमोशन' और 'एंटरटेनमेंट' के आधार पर कंटेस्टेंट का आकलन करूंगी। कंटेस्टेंट्स को अपने मूव्स से यह साबित करना होगा कि उनकी क्या खासियत है और साथ ही इस कला के जरिए वे खुद को कैसे एक्सप्रेस करते हैं।
2. वो कौन-से मापदंड हैं जिनके आधार पर आप कंटेस्टेंट्स को जज करेंगे?
- हर कंटेस्टेंट अलग होता है और हर डांसर अलग एरिया से आता है। मेरा एकमात्र पैरामीटर उनकी क्रिएटिविटी, डांस के प्रति उनका पैशन और उनकी लीक से हटकर परफॉर्मेंस होगी। मैं उन्हें और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित करूंगी।
3. क्या आप दूसरे किसी डांस रियलिटी शो का हिस्सा रही हैं। आपके ख्याल से कौन-सी खूबी इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3 को टेलीविजन के बाकी डांस रियलिटी शोज़ से अलग बनाती है?
- इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3 शानदार एक्ट्स और परफॉर्मेंस का वादा करता है। इसे ग्लोबल स्टैंडर्ड्स पर परखा जाने वाला है और हम भारत के अगले बेस्ट डांसर को एक्सप्लोर और क्रिएट के लिए तैयार हैं।
4. को-जज गीता और टेरेंस के साथ आपका कैसा तालमेल है?
- गीता और टेरेंस के साथ काम करना बहुत मजेदार है। वे कमाल के हैं और आपको शो में हमारी ड्रामेबाजी देखने को मिलेगी। गीता जिस तरह से टेरेंस की टांग खींचती हैं, वह बड़ा मजेदार है। हमारी तिकड़ी को एक साथ देखना वाकई बड़ा दिलचस्प होगा।
5. क्या आपको लगता है कि एक पेशे के रूप में डांस विकसित हुआ है?
- जब आपका जुनून आपका पेशा बन जाता है और आप जो करते हैं, उससे प्यार करते हैं, तो पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए। असल में, आप जो कर रहे हैं जब उसका मजा लेना शुरू कर देते हैं, तभी विकास होता है। यहां बहुत-से उभरते डांसर्स हैं और इस तरह के शोज़ उन्हें इंडस्ट्री में पांव जमाने और सबका ध्यान आकर्षित करने के लिए एक मंच देते हैं।
देखिए इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 3, शुरू हो रहा है 8 अप्रैल से, हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर!