मुंबई । मुंबई इंडियन्स टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने माना है कि उनकी टीम आईपीएल के इस 15 वें सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी है। रोहित ने कहा कि हर क्रिकेटर के जीवन में ऐसा समय आता है। लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मुकाबले में 36 रनों की हार के बाद ही मुंबई की टीम प्ले ऑफ की दौड़ से भी बाहर हो गई। रोहित ने ट्वीट किया, ‘‘इस टूर्नामेंट में हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया पर कई बार ऐसा होता है, कई बड़े खिलाड़ी और टीमें इस प्रकार के हालातों से गुजरे हैं हालांकि मुझे यह टीम और इसका माहौल पसंद है।’’ उन्होंने साथ ही टीम के प्रति भरोसा दिखाने के लिए प्रशंसकों की सराहना की है। आईपीएल में इस बार रोहित भी बल्लेबाजी में विफल रहे। उसके अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज भी उम्मीद के अनुसार रन नहीं बना पाये। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह भी प्रभावी नजर नहीं आये। कुल मिलाकर देखा जाये तो टीम किसी भी मैच में हावी नहीं रह पायी।