भोपाल : सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के नए ज़माने के ड्रामा 'सपनों की छलांग' ने अपनी खास कहानी से दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। इस शो में मेघा रे लीड किरदार राधिका का रोल निभा रही हैं, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई जैसे शहर में विश्वास की छलांग लगाती है, जहां उसे अपने मां-बाप राधेश्याम यादव (संजीव जोतांगिया) और सुमन यादव (कशिश दुग्गल) के सामने यह साबित करना है कि वो अपने पैरों पर खड़ी हो सकती है और उनकी देखभाल कर सकती है। लेकिन सफल होने के लिए, राधिका को एक नए शहर में जाने की चुनौतियों से निपटना होगा, और अपनी पहली नौकरी के दबावों को संभालने के साथ-साथ अपनी तीन रूममेट्स के साथ निभाना सीखना होगा जो अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आती हैं।
इस शो में एकभो ख्याल रखने वाले पिता के रोल को बखूबी निभा रहे संजीव जोतांगिया ने बताया कि यह किरदार सिर्फ शो की स्क्रिप्ट के पन्नों पर ही नहीं बल्कि वास्तविक लोगों से प्रेरित है। वो बताते हैं, "जब से मैंने स्क्रिप्ट सुनी है, तब से राधेश्याम यादव के किरदार ने मुझमें दिलचस्पी जगाई है। अपनी उम्र के चौथे दशक की समाप्ति पर खड़ा यह आदमी, दो पीढ़ियों के बीच एक पुल का काम करता है। इसलिए, जब अपनी बेटी को शिक्षित करने की बात आती है, तो वो आपत्ति उठाने वालों के खिलाफ खड़ा होता है और शिक्षा के जरिए नारी सशक्तिकरण में विश्वास करता है। फिर भी, जब अपनी बेटी को एक नए शहर में भेजने की बात आती है, तो उसे घर से दूर उसकी सलामती की फिक्र सताती है। मेरा किरदार नई सोच रखता है, लेकिन फिर भी परंपराओं से घिरा है।"
राधेश्याम की विचारधारा से वे कैसे जुड़ते हैं, इस बारे में बात करते हुए, इस एक्टर ने कहा, "ऐसे समाज में जहां महिलाओं को अक्सर दरकिनार कर दिया जाता है, वहीं वो अपनी बेटी का साथ देते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि लड़कों और लड़कियों के बीच कोई फर्क नहीं है। मैं उनसे इस मामले में जुड़ता हूं कि मैं भी सभी तरह के अन्याय के खिलाफ हूं और हमेशा उन लोगों का समर्थन करता हूं जो सच्चाई का साथ देते हैं।"
देखिए 'सपनों की छलांग', हर सोमवार से शुक्रवार रात 9.30 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर।