लंदन । रुसी टेनिस खिलाड़ियों को करारा झटका लगा है। रुस के यूक्रेन पर हमले के विरोध में अंतरराष्ट्रीय टेनिस संघ (आईटीएफ) ने रूसी टेनिस संघ (आरटीएफ) की सदस्यता को समाप्त कर दिया है। आरटीएफ के अध्यक्ष शमिल टारपिस्चेव ने कहा कि हमें इसका अंदाज था। अंतरराष्ट्रीय टेनिस संघ ने रुस के साथ ही उसके सहयोगी बेलारुस की सदस्यता भी समाप्त कर दी। यह फैसला आम मतदान के आधार पर लिया गया। वहीं रूसी टेनिस संघ ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह पूर्वनिर्धारित था।इससे पहले आईटीएफ ने मार्च में ही यूक्रेन पर रुसी हमले के विरोध में रुसी और बेलारूसी टेनिस संघ को निलंबित करते हुए इन देशों में आयोजित सभी टूर्नामेंट रद्द कर दिए थे। वहीं इससे पहले एटीपी और डब्ल्यूटीए ने भी आगामी अक्टूबर में मॉस्को में होने वाले क्रेमलिन कप को भी रद्द कर दिया है। इसके अलावा 27 जून से होने वाले विंबलडन के आयोजकों ने भी अप्रैल के अंत में रूसी और बेलारूसी टेनिस खिलाडिय़ों के ड्रॉ में हिस्सा लेने पर प्रतिबंधित लगा दिया था।