जीभ बाहर, दोनों हाथ ऊपर करके डांस, कैमरून ग्रीन के विकेट के बाद तस्कीन अहमद ने यूं मनाया जश्न
Updated on
13-08-2026 12:45 PM
डार्विन: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को पहले टेस्ट की पहली पारी में आउट किया। 23 साल बाद बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच खेल रही है। दोनों टीमों के बीच डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर पहला टेस्ट मैच हो रहा है। मैच के पहले दिन पहले ही सेशन में तस्कीन ने कैमरून ग्रीन को आउट कर दिया।तस्कीन अहमद का अजीबोगरीब सेलिब्रेशन
ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन पिच पर अच्छे दिख रहे थे। 22वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने तस्कीन अहमद के खिलाफ छक्का मारा। लेकिन आखिरी गेंद को फ्लिक किया और वह मिड विकेट पर मुशफिकुर रहीम के हाथों में चली गई। रहीम ने डाइव मारकर गेंद को लपक लिया। गेंद लेग स्टंप पर थी लेकिन ग्रीन उसे फील्डर के दूर नहीं रख पाए और इसी वजह से पवेलियन लौटना पड़ा। 13 गेंदों पर ग्रीन के बल्ले से सिर्फ 13 रनों की ही पारी निकली।विकेट लेने के बाद तस्कीन अहमद ने जो सेलिब्रेशन किया, वो चर्चा में आ गया है। तस्कीन ने विकेट मिलने के बाद अपना जीभ बाहर निकला। इसके साथ ही अपना हाथ ऊपर उठाकर डांस भी किया। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।बांग्लादेश देश की टीम ने इससे पहले 2003 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेला था। 23 साल बाद टीम वहां का दौरा कर रही है। दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग बांग्लादेश की पेस बॉलिंग के खिलाफ जूझती नजर आई। पहले ही सेशन में ऑस्ट्रेलिया के 74 रन पर 4 विकेट गिर गए। कैमरून ग्रीन पहले सेशन की आखिरी गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे थे।