
मुंबई : सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव के शो 'मास्टरशेफ इंडिया' में दर्शक टॉप 9 होम कुक्स को गुजरात के आणंद स्थित अमूल फैक्टरी में एक दूसरे से मुकाबला करते देखेंगे। इस चैलेंज का रोमांच दोगुना करने के लिए विश्व विख्यात शेफ कुणाल कपूर जजों के पैनल में गेस्ट के रुप में शामिल होंगे, जिन्हें साल 2017 में बेस्ट फूड एंटरटेनर का एपिक्यूरियन गिल्ड अवाॅर्ड मिल चुका है। वे जजों एवं शेफ्स रणवीर बरार, गरिमा अरोड़ा और विकास खन्ना के साथ एक मस्ती भरे और मजेदार चैलेंजिंग एपिसोड में शामिल होंगे।
शेफ जजेस, टॉप 9 होम कुक्स को 'द टेस्ट ऑफ इंडिया' चैलेंज देंगे। भारत की आज़ादी के 75 वर्ष एवं अमूल के जन्म का जश्न मनाते हुए इस चैलेंज में शेफ कुणाल भी मौजूद होंगे, जो सभी होम कुक्स के लिए एक स्पेशल पैंट्री तैयार करेंगे और भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से सभी सामग्रियों को अलग-अलग बाटेंगे। ऐसे में अपनी प्लेट में असम की विशेषता प्रस्तुत करते हुए सांता सरमाह 'खाजा खाली' प्रस्तुत करेंगे, जो कि असम की ब्रेकफास्ट डिश है और औरतों को उनकी प्रेगनेंसी के बाद ताकत बढ़ाने के लिए दी जाती है। शेफ कुणाल उनकी डिश से इतने इम्प्रेस हुए कि वो इस पर आश्चर्य जताते हुए कहेंगे, "यदि मैं रेस्टोरेंट में यह थाली देखूं, तो यह मेरी पहली चॉइस होगी।"
अपना अनुभव बताते हुए मास्टर शेफ कुणाल कपूर ने कहा, "मास्टरशेफ किचन मेरे लिए घर जैसा है और मेरा जजेस शेफ रणवीर और शेफ विकास खन्ना के साथ बड़ा कमाल का रिश्ता है, और इतने लंबे समय बाद गरिमा से मिलना एक शानदार अनुभव था।" उन्होंने कंटेस्टेंट्स को दिए गए टास्क की बात करते हुए कहा, "आज का चैलेंज मेरे लिए स्पेशल था, क्योंकि उन्हें देश की अलग-अलग सामग्रियों को एक्सप्लोर करना था। मुझे लगता है कि सभी होम कुक्स में मास्टर शेफ बनने की काबिलियत और उत्साह है। मुझे सांता की डिश 'खाजा थाली' बहुत पसंद आई। यह उनकी सच्ची पहचान थी, जिसने हमें एक ऐसी डिश से मिलाया, जिससे सारा देश भी परिचित हो रहा है। यह एक खूबसूरत ख्याल है। यह डिश शानदार थी और जिस तरह से उन्होंने अपनी प्लेट में अपनी संस्कृति और खानपान की विरासत को प्रस्तुत किया उसे देखकर मैं हैरान हूं।"
होम कुक सांता ने अपने चैलेंज का अनुभव बताते हुए कहा, "खाजा थाली महिलाओं को उनकी डिलीवरी के बाद उनकी ताकत बढ़ाने के लिए दी जाती है। यह एक ब्रेकफास्ट डिश है, जो लोगों को खाने के लिए फार्म तक ले जाती है और मैं इसी तरह भारत के अपने प्रांत का प्रतिनिधित्व करना चाहती थी। जब शेफ कुणाल ने हमारे सामने सामग्रियां रखीं, तो मेरे दिमाग में यही डिश थी क्योंकि असम मेरे लिए न सिर्फ मेरा घर है, बल्कि मेरी जिम्मेदारी और मेरी पहचान भी है। खाजा थाली मेरे लिए एक कम्फर्ट फूड है और मैं घर पर अपने परिवार के लिए अक्सर इसे बनाती हूं। इस बार मैंने सोचा कि क्यों ना मैं इसे अपनी मास्टरशेफ फैमिली के लिए बनाऊं।"
तो आखिर कौन यह चैलेंज जीतेगा? जानने के लिए देखिए 'मास्टरशेफ इंडिया', हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर।