सम्राट सरकार हटाएगी शराबबंदी? नई रिपोर्ट से नई बहस, राजद का दावा- बिना सर्वे के हुआ लागू

Updated on 12-08-2026 03:40 PM
पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के करीब एक दशक बाद एक शोध रिपोर्ट ने इस नीति को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। देश के प्रमुख आर्थिक शोध संस्थानों में शामिल नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) की एक स्टडी में बिहार में पूर्ण शराबबंदी खत्म कर नियंत्रित तरीके से शराब की बिक्री शुरू करने और आबकारी कर व्यवस्था बहाल करने की सिफारिश की गई है।

क्या सम्राट सरकार हटाएगी शराबबंदी?

रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा होने पर राज्य के अपने राजस्व में करीब 14 से 15 फीसदी तक की वृद्धि हो सकती है। रिपोर्ट में शराबबंदी के बाद अवैध शराब की तस्करी, दूसरे नशीले पदार्थों के इस्तेमाल और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों का भी उल्लेख किया गया है। इसके बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या भाजपा के नेतृत्व वाली सम्राट चौधरी सरकार शराबबंदी को खत्म करने की दिशा में कदम उठाएगी और क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) इसके लिए तैयार होगी।

JDU ने कहा- कोई समीक्षा नहीं होगी

हालांकि, सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर फिलहाल शराबबंदी खत्म करने को लेकर कोई स्पष्ट सहमति दिखाई नहीं दे रही है। जदयू की ओर से शराबबंदी की समीक्षा या इसे समाप्त करने के सवाल को खारिजकिया गया है। शराबबंदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत और सामाजिक सुधार के प्रमुख एजेंडे का हिस्सा रही है। अप्रैल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं की मांग और सामाजिक सुधार को आधार बनाकर बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू की थी।

शराबबंदी से नीतीश कुमार ने खींची बड़ी लकीर

इसके बाद यह नीति उनकी सरकार की प्रमुख पहचान बन गई। शराबबंदी लागू होने के बाद से ही अवैध शराब की तस्करी और कानून के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। सत्ता पक्ष के कुछ नेता भी समय-समय पर इसकी समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन की मांग करते रहे हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी लंबे समय से शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते रहे हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद उन्होंने गुजरात की तर्ज पर बिहार में शराबबंदी कानून लागू करने की बात कही है।

बिना सर्वे के लागू हुई शराबबंदी: भाई वीरेंद्र

वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भी शराबबंदी कानून को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'बिहार में शराबबंदी बिना किसी सर्वे के लागू की गई थी और मैं खुद इसका गवाह हूं।' उन्होंने नेपाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमाओं से शराब की तस्करी रोकने के लिए सरकार से गंभीर कार्रवाई की मांग की। भाई वीरेंद्र ने अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 'शराब की बड़ी खेप में कार्रवाई के नाम पर कुछ ही ट्रकों को पकड़कर उपलब्धि दिखाई जाती है।' राजद विधायक दावा कर रहे हैं ये अलग बात है कि जिस वक्त शराबबंदी लागू हुई थी, उस वक्त तेजस्वी बिहार के डिप्टी सीएम थे।

कैबिनेट का सामूहिक फैसला होगा: BJP

इधर, भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि विभिन्न शोध संस्थानों की रिपोर्ट समय-समय पर सामने आती हैं और बिहार सरकार सभी विषयों पर विचार करती है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी और पूर्ण शराबबंदी का फैसला सामूहिक निर्णय था और 2016 में लगभग सभी राजनीतिक दलों ने इसका समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि शराबबंदी की समय-समय पर समीक्षा होती रही है और सामने आ रही नई रिपोर्टों की भी समीक्षा की जाएगी। आगे क्या निर्णय लिया जाना है, यह कैबिनेट का सामूहिक फैसला होगा।

बिहार की जनता का शराबबंदी को समर्थन: BJP

कुंतल कृष्ण ने कहा कि बिहार की जनता ने दो आम चुनावों में पूर्ण शराबबंदी के मुद्दे पर अपना समर्थन दिया है और यह भी विचार करने योग्य तथ्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में इस रिपोर्ट ने शराबबंदी को लेकर आर्थिक फायदे-नुकसान, सामाजिक प्रभाव और राजनीतिक प्रतिबद्धता के बीच नई बहस जरूर शुरू कर दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार इस शोध के निष्कर्षों को किस तरह देखती है और भविष्य में शराबबंदी की नीति को लेकर क्या फैसला लिया जाता है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 13 August 2026
पटियाला: पंजाब के पटियाला जिले से एक डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक पिटबुल डॉग मकान देखने के लिए घर के बाहर खड़े पति-पत्नी पर…
 13 August 2026
बनासकांठा: गुजरात के बनासकांठा जिले का डीसा शहर में जल्द ही एशिया का पहला रेगिस्तान-थीम वाला नाइट सफारी और जू बनेगा। इस जू में लगभग 2700 जानवरों और 83 प्रजातियों…
 13 August 2026
पटना: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर में मिली जीत कोई अचानक मिली सफलता नहीं थी, बल्कि इसने साबित कर दिया कि अगर एक विश्वसनीय विकल्प…
 13 August 2026
पटनाः बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने 19 अगस्त को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राजभवन मार्च को लेकर प्रतिक्रिया दी है।…
 13 August 2026
बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में 90 पोर्न वीडियो मिले हैं। जब्त फोन की फोरेंसिक जांच जारी है।जांचकर्ता फोन में मौजूद वीडियो, तस्वीरों…
 13 August 2026
IIT मद्रास के डायरेक्टर वी. कामकोटी को गोमूत्र एक्सपर्ट बताने वाले बयान को लेकर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ ऑनलाइन मुहिम शुरू की गई,…
 13 August 2026
स्वतंत्रता दिवस देश की उन कहानियों, लोगों और पलों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने भारत को आज का रूप देने में अहम भूमिका निभाई। इस साल एयरटेल आईपीटीवी ऐसी फिल्मों…
 12 August 2026
जयपुर: राज्य सरकार की ओर से जारी 183 आरएएस अफसरों की सूची में उन अधिकारी का नाम भी है जो पिछले साल थप्पड़ कांड से सुर्खियों में आए थे। अपनी…
 12 August 2026
पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के करीब एक दशक बाद एक शोध रिपोर्ट ने इस नीति को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। देश के प्रमुख आर्थिक शोध संस्थानों…
Advt.