मुंबई : वर्ल्ड हिंदी डे जिसे विश्व हिंदी दिवस के रूप में भी जाना जाता है, हर साल 10 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन उस अवसर को दर्शाता है जब युनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली में पहली बार हिंदी बोली गई थी। मैंडेरिन चाइनीज़ और इंग्लिश के बाद हिंदी दुनिया भर में तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। लेकिन जब भारत की बात आती है, तो हिंदी सबसे आम भाषाओं में से एक है, जिसमें लोग संवाद करते हैं। विश्व हिंदी दिवस के बारे में बात करते हुए निहारिका रॉय उर्फ प्यार का पहला नाम राधा मोहन की राधा, किशोरी शहाणे विज उर्फ कैसे मुझे तुम मिल गए की बबीता आहुजा, तनिशा मेहता उर्फ इक कुड़ी पंजाब दी की हीर और अबरार काज़ी उर्फ कुमकुम भाग्य के राजवंश जैसे ज़ी टीवी कलाकारों ने बताया कि उनकी जिं़दगी में हिंदी भाषा क्या मायने रखती है।
ज़ी टीवी के शो प्यार का पहला नाम राधा मोहन में राधा का रोल निभा रहीं निहारिका रॉय ने कहा, ‘‘बोलने के लिहाज़ से हिंदी हमेशा से मेरी सबसे पसंदीदा और आरामदायक भाषा रही है। मैंने यह भाषा बचपन से सीखी है क्योंकि बांग्ला के बाद यह बिल्कुल मेरी मातृभाषा की तरह है। यह भाषा स्कूल में भी मेरे सिलेबस का हिस्सा रही है। मुझे लगता है कि हिंदी एक सरल और सहज भाषा है जिसमें हर कोई आसानी से खुद को एक्सप्रेस कर सकता है। एक एक्टर के रूप में, भाषा मेरा कैनवास है, और इस दिन, मैं हिंदी की सुंदरता और समृद्धि को सेलिब्रेट करना चाहूंगी, एक ऐसी भाषा जो न केवल स्क्रीन पर गूंजती है बल्कि दुनिया भर के दिलों को भी जोड़ती है। आइए, न सिर्फ आज बल्कि हर दिन हिंदी को संजोएं और इसे बढ़ावा दें, क्योंकि दुनिया के मंच पर यह हमारी विविधता और एकता का आईना है।‘‘
ज़ी टीवी के शो कैसे मुझे तुम मिल गए में बबीता आहुजा का रोल निभा रहीं किशोरी शहाणे विज ने कहा, ‘‘हिंदी भाषा बड़ी विविध और सुंदर है। इसके अलावा, मुझे लगता है कि हिंदी भाषा बहुत सम्मानजनक है और इसमें अपने जज़्बातों को बयां करना बड़ा आसान होता है। एक कलाकार के रूप में, मुझे हिंदी भाषा के भारतीय मनोरंजन चैनलों के खूबसूरत कैनवास के जरिए खुद को एक्प्रेस करने का सौभाग्य मिला है। यह एक ऐसी भाषा है जो हमें अपनी भावनाओं, विचारों और कहानियों को गहराई और विश्वसनीयता के साथ व्यक्त करने की अनुमति देती है। इससे भी ज्यादा खास बात यह है कि हिंदी को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोगों को हमारी भाषा की सराहना करते और इसे समझते हुए देखना सुखद है। इस विश्व हिंदी दिवस पर, आइए उस भाषा का जश्न मनाएं जो हमारे राष्ट्र की भावना को खूबसूरती से दर्शाती है और दुनिया भर के दिलों से जुड़ती है।‘‘
ज़ी टीवी के इक कुड़ी पंजाब दी में हीर के रोल में नजर आ रहीं तनिशा मेहता ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि हिंदी दिवस हमारी राष्ट्रीय भाषा का सम्मान करने का एक खास अवसर है। यह सिर्फ एक बोली नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और एकता का भी प्रतीक है। अपनी मूल भाषा में खुद को अभिव्यक्त करना सिर्फ शब्दों का संग्रह नहीं है बल्कि यह हमारी संस्कृति, इतिहास और एकता को भी दर्शाता है। जब हम भावुक होते हैं, तो हम अपनी भावनाओं को बेहतर ढंग से ज़ाहिर करने के लिए अपनी आरामदायक भाषा का उपयोग करते हैं। और आजकल हिंदी का प्रयोग सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी किया जाने लगा है और इस पर मुझे बहुत गर्व होता है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हिंदी हमारी अनमोल विरासत है और इसे सहेजना और बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है!‘‘
ज़ी टीवी के कुमकुम भाग्य में राजवंश का रोल निभा रहे अबरार काज़ी ने कहा, ‘‘हमारी मातृभाषा होने के नाते हिंदी हमारे दिलों में बसती है। मेरा मानना है कि टेलीविजन हिंदी भाषा और हमारी संस्कृति की समृद्धि को प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम रहा है। अपने शो के जरिए, हम न सिर्फ मनोरंजन करते हैं बल्कि अपनी भाषाई विरासत के प्रचार और संरक्षण में भी योगदान देते हैं। जहां अंग्रेजी विश्व स्तर पर इस्तेमाल की जाने वाली भाषा है और इसके महत्व को भुलाया नहीं जा सकता है, वहीं हिंदी भी विश्व स्तर पर एक प्रभावशाली भाषा बन गई है। इस दिन, मैं हिंदी की सुंदरता और विविधता की सराहना करना चाहूंगा, एक ऐसी भाषा जो दुनिया भर के लाखों लोगों को जोड़ती है।‘‘