मनोरंजन

रविवार को लाभमंडपम में सजेगी सुरों की महफ़िल, गणेशोत्सव पर ‘द गोल्डन बीट्स’ का आयोजन

इंदौर: 20 सितम्बर 2026, रविवार को शहर के रेसकोर्स रोड स्थित लाभमंडपम सभागृह, अभय प्रशाल में संगीत प्रेमियों के लिए विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया जा रहा है। गणेशोत्सव के पावन पर्व पर शहरवासियों के लिए “नाद ब्रह्म म्यूज़िकल ग्रुप” की संयोजिका एवं संचालिका ममता मेहता के निर्देशन में ‘द गोल्डन बीट्स’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसका शुरुआत शाम 5:15 बजे से होगा। आशा भोंसले जी के हरफनमौला अंदाज़ और विभिन्न मूड से सजे गीतों की स्वरांजलि इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी।

इस मंच पर अब तक शहर के सैकड़ों कलाकार अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं और हर बार संगीत प्रेमियों से बेहद अच्छी प्रतिक्रिया भी मिलती है। इस संगीतमय शाम में शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व अपनी गायकी का हुनर प्रदर्शित करेंगे, जिनमें डॉक्टर, सी.ए. और बिज़नेस प्रोफेशनल्स जगत के प्रमुख नाम शामिल हैं।

कार्यक्रम के बारे में संयोजिका एवं संचालिका ममता मेहता ने बताया कि “नाद ब्रह्म म्यूज़िकल ग्रुप संगीत के प्रति हमारे प्रेम और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य इस मंच के माध्यम से ऐसी स्वर लहरियां पैदा करना है जो श्रोताओं के मन को शांति और प्रसन्नता प्रदान करें। ‘द गोल्डन बीट्स’ के अंतर्गत हम उन सदाबहार धुनों को फिर से जीवंत करने का प्रयास कर रहे हैं जिन्होंने दशकों से हमारे दिलों पर राज किया है। हम इंदौर के सभी संगीत प्रेमियों को इस महफ़िल का हिस्सा बनने के लिए सादर आमंत्रित करते हैं।”

एक ओर शहर के प्रोफेशनल्स डॉ. अमिताभ गोयल, डॉ. संजय भटनागर, डॉ. मिताली श्रीमाल और डॉ. सुरेखा सोनी मंच संभालेंगे, दूसरी ओर शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी जौहरी आशुतोष कडेल, इंजीनियर मयंक खंडेलवाल, आशा निसरगंध एवं सिद्धार्थ शुक्ला अपनी गायकी से समां बांधेंगे। पिंटू कसेरा एवं टीम द्वारा संगीत संयोजन किया गया है, जबकि स्वरांश पाठक एवं टीम कोरस के माध्यम से सुरों में मधुरता घोलने का कार्य करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button