मध्य प्रदेश
गैस पाइपलाइन के पास आग लगने पर थिंक गैस ने उठाए सुरक्षा कदम

भोपाल : भोपाल के भानपुर ब्रिज के पास थिंक गैस की गैस पाइपलाइन के निकट आग लगने की घटना से संबंधित मीडिया रिपोर्टों के संदर्भ में कंपनी की ओर से निम्नलिखित स्पष्टीकरण दिया जा रहा है।डी.एस. दुर्गेश, थिंक गैस के क्षेत्रीय प्रमुख (बीएनआर) -भोपाल और शिवपुरी जीए ने बताया घटना की सूचना मिलते ही थिंक गैस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थिति को और गंभीर होने से रोकने के लिए गैस आपूर्ति को तत्काल बंद करने सहित आवश्यक एहतियाती कदम उठाए। इसके बाद टीम ने आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य शुरू किया और चरणबद्ध तरीके से गैस आपूर्ति बहाल की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैस पाइपलाइन के आसपास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कचरा या मलबा जलाए जाने के कारण आग लगने की आशंका है। घटनास्थल पर बैरिकेडिंग भी की गई थी। हालांकि, घटना के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। इस मामले की जांच सुनिश्चित करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से थिंक गैस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा रही है। थिंक गैस का भोपाल जिले में व्यापक सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क है। भूमिगत गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा के लिए नेटवर्क पर रूट मार्कर, सावधानी संबंधी चेतावनी बोर्ड और आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित करने वाले बोर्ड लगाए गए हैं। कंपनी निर्धारित सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं का पालन करती है। आमजन की सुरक्षा और गैस वितरण नेटवर्क की संरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। हाल ही में भोपाल के जिला कलेक्टर ने विभिन्न यूटिलिटी एजेंसियों, जिनमें सड़क चौड़ीकरण का कार्य करने वाले ठेकेदार भी शामिल हैं, के साथ बैठक कर गैस पाइपलाइनों के आसपास काम करते समय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की सलाह दी थी। थिंक गैस भूमिगत गैस पाइपलाइनों को संभावित नुकसान से बचाने और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए इन सुरक्षा उपायों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता पर जोर देती है।
थिंक गैस सभी ठेकेदारों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़ी एजेंसियों और आम नागरिकों से अपील करती है कि वे भूमिगत गैस पाइपलाइनों के आसपास किसी भी गतिविधि के दौरान पूरी सावधानी बरतें और पाइपलाइन के आसपास कचरा या मलबा न जलाएं। गैस पाइपलाइन के आसपास किसी भी प्रकार की खुदाई या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले कंपनी को सूचित करना अनिवार्य है। इसके लिए THINK Gas के टोल-फ्री ‘डायल बिफोर यू डिग’ (खुदाई से पहले सूचना दें) नंबर – 1800 102 5107 पर संपर्क किया जा सकता है। इन सावधानियों का पालन भूमिगत बुनियादी ढांचे को नुकसान से बचाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। थिंक गैस उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने, किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई करने और अपने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क का सुरक्षित एवं विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी जनसुरक्षा और अपने बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।



