92 करोड़़ की एमडी ड्रग्स में खुलासा:तुर्किये में बैठे सलीम उर्फ डोला ने लगवाई थी एमडी ड्रग की फैक्ट्री

Updated on 22-08-2025 11:10 AM

जगदीशपुरा की फैक्ट्री का जिम्मा अशोकनगर के फैसल कुरैशी के पास था, गुजरात में ली थी ट्रेनिंग

भोपाल के जगदीशपुरा (इस्लाम नगर) में पकड़ी गई एमडी ड्रग फैक्ट्री का कर्ताधर्ता तुर्किये से नशे का पूरा नेटवर्क चला रहा था। हवाला से फैक्ट्री के लिए धन जुटाने से लेकर कच्चे माल (केमिकल) की सप्लाई तक की जिम्मेदारी तुर्किये में बैठे तस्कर सलीम उर्फ इस्माइल उर्फ डोला के पास थी। इसमें उसका भतीजा मुस्तफा कुब्बावाला सहयोग करता था।

सलीम पहले डी कंपनी के खास रहे तस्कर इकबाल मिर्ची का सहयोगी रह चुका है और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स तस्करी में सक्रिय है। उस पर एनसीबी ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है, जबकि उसके भतीजे मुस्तफा कुब्बावाला के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

बता दें कि डीआरआई ने 16 अगस्त को ग्राम जगदीशपुरा के मकान नंबर-11 से यह फैक्ट्री पकड़ी थी। मौके से 61.20 किलो मेफ्रेडोन (लिक्विड) जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 92 करोड़ रुपए आंकी गई। साथ ही 541.53 किलो कच्चा केमिकल मिला, जिसका उपयोग मेफ्रेडोन बनाने में होता है।

यहां से ड्रग बनाने वाली मिक्सचर मशीन और तापमान नियंत्रित सेटअप भी बरामद हुआ। कार्रवाई में अशोकनगर निवासी फैसल कुरैशी और विदिशा जिले के रज्जाक खान को पकड़ा गया। इसके अलावा डीआरआई ने सूरत और मुंबई से पांच और आरोपियों को भी दबोचा।

मप्र समेत देश के अन्य हिस्सों में की जाना थी सप्लाई फैसल कुरैशी और रज्जाक खान को फैक्ट्री का जिम्मा सौंपा गया था। जांच एजेंसियां पता कर रही हैं कि यहां तैयार की जाने वाले मेफ्रेडोन को मप्र के अलावा कहां-कहां सप्लाई किया जाना था। जानकारी के मुताबिक जिस नेटवर्क से केमिकल भोपाल पहुंचाए जा रहे थे, उसी से तैयार माल की सप्लाई की जाना थी।

डीआरआई की गिरफ्त में आए सातों आरोपियों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। बता दें, इस फैक्ट्री से फिलहाल मेफ्रेडोन तरल अवस्था में मिला था। इसे पावडर के रूप में तैयार नहीं किया गया था। पुलिस अफसरों के मुताबिक डीआरआई की कार्रवाई यानी 16 अगस्त से दो दिन पूर्व 14 अगस्त को बिजली मीटर लगा था, जिसके कारण ये मेफ्रेडोन की खेप तैयार नहीं कर सके थे।

पुलिस और जांच एजेंसियां नशे के इस पूरे नेटवर्क में शामिल स्थानीय लोगों की पहचान में जुटी है।

अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क से भोपाल में तैयार हुआ नशे का नेटवर्क...

भारत में ड्रग्स का नेटवर्क फैलाने के लिए सलीम उर्फ डोला ने मुंबई और गुजरात में दाउद इब्राहिम (डी) कंपनी के पुराने कनेक्शन का इस्तेमाल किया। इसी सिलसिले में उसने गुजरात के अंकलेश्वर की एक फार्मा कंपनी में काम कर रहे अशोकनगर निवासी फैसल कुरैशी को अपने साथ जोड़ा। फार्मेसी डिप्लोमा धारक फैसल को केमिकल्स की जानकारी थी, जिसे सलीम के गुर्गों ने एमडी ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग भी दी।

फैसल को मप्र में सुरक्षित जगह पर फैक्ट्री लगाने की जिम्मेदारी मिली। उसने इस काम में विदिशा जिले के दाउद बासौदा निवासी रज्जाक खान को शामिल किया। रज्जाक भोपाल में रहकर टॉवर कंपनी में नौकरी करता था और उसने पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा किया था। इन दोनों का काम सुरक्षित जगह तलाशना, फैक्ट्री सेटअप करना और मेफ्रेडोन तैयार करना था।

ड्रग बनाने का कच्चा माल यानी केमिकल्स मुंबई और गुजरात से आते थे। फैसल ने मेफ्रेडोन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया रज्जाक को सिखाई थी। इसमें वही केमिकल्स इस्तेमाल हुए जो फार्मा और कीटनाशक उद्योग में चलते हैं। इनमें मेथिलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन, मोनोमेथिलमाइन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 2-ब्रोमो शामिल हैं।

भोपाल के पास बगरोदा से दस महीने पहले पकड़ी गई फैक्ट्री से भी यही केमिकल जब्त हुए थे। विशेषज्ञों के अनुसार इन रसायनों पर प्रतिबंध नहीं है, लेकिन निश्चित तापमान और रिएक्शन के जरिए साधारण मिक्सचर और टेम्परेचर सेटअप से इनसे एमडी बना सकते हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 18 July 2026
इंदौर: कबाब की खुशबू, दम बिरयानी का लज़ीज़ स्वाद और पारंपरिक करीज़ का असली जायका अब एक ही जगह पर मिलने वाला है। एसेंशिया लग्ज़री होटल इंदौर में 26 जुलाई…
 18 July 2026
भोपाल  आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (AESL), जो टेस्ट की तैयारी कराने वाली सर्विसेज़ में देश की लीडर है, ने गर्व के साथ बताया कि भोपाल में उसके क्लासरूम प्रोग्राम के अनेक…
 16 July 2026
भोपाल : मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक, शिक्षाविद एवं कार्यपरिषद सदस्य, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता को…
 14 July 2026
भोपाल। बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 के अवसर पर बिड़ला ओपन माइंड्स के प्रबंध निदेशक निर्वाण बिड़ला ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को…
 13 July 2026
नई दिल्ली : भारत में निजी क्षेत्र की अग्रणी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी इर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को मध्य प्रदेश सरकार ने खरीफ, 2026 सीजन के लिए अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर,…
 07 July 2026
 इंदौर — द परफेक्ट क्रश, एक एपिसोडिक इंस्टाग्राम रील सीरीज़, का प्रीमियर द क्रश कॉफी, गीता भवन पर हुआ। इस सीरीज़ की कहानी इंदौर के ऋषभ राज शर्मा ने लिखी और क्रिएट की…
 04 July 2026
इंदौर। बारिश का मौसम लोगों को परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का एक अलग मौका देता है। इसी मौसम को खास बनाने के लिए शहर में हर रविवार…
 01 July 2026
इंदौर। मिताशा फाउंडेशन एवं डायोसिस ऑफ इंदौर के संयुक्त नेतृत्व में, केरल समाजम, रोटरी क्लब ऑफ इंदौर आदर्श एवं एसवीडी सोसायटी के सहयोग से आयोजित "संकल्प एक लाख अंगदान से…
 24 June 2026
भोपाल : फेडरेशन ऑफ रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफआरएआई) मध्य प्रदेश शाखा ने आज भोपाल में ‘मॉडर्न मार्केट में अवैध व्यापार का सामना’ (कन्फ्रंटिंग इलिसिट ट्रेड इन मॉडर्न मार्केट) विषय पर…
Advt.