
मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह के विवादित बयान मामले में सोमवार 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन जस्टिस जे. सूर्यकांत की डबल बेंच आज न बैठने के कारण यह सुनवाई टल सकती है। अब इस मामले की सुनवाई के लिए नई तारीख तय की जाएगी।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। वहीं, मंत्री विजय शाह के वकील उनकी माफी को लेकर भी अपना पक्ष रखने वाले थे।
कोर्ट ने कहा था– माफी निष्ठाहीन
बता दें कि 28 जुलाई को जस्टिस सूर्यकांत और जॉयमाल्या बागची की बेंच ने सुनवाई की थी। उस दौरान कोर्ट ने मंत्री विजय शाह की सार्वजनिक माफी को निष्ठाहीन बताते हुए खारिज कर दिया था। अदालत का कहना था कि उनके माफीनामे वाले वीडियो में जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने की बात स्वीकार ही नहीं की गई।
क्या है मामला?
दरअसल, मंत्री विजय शाह ने 11 मई को इंदौर के महू स्थित रायकुंडा गांव में "ऑपरेशन सिंदूर" का जिक्र करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान दिया था। इस बयान को लेकर उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने SIT से जांच रिपोर्ट मांगी थी।
अब बेंच न बैठने के कारण आगे की सुनवाई के लिए नई तारीख तय की जाएगी।