सभी ग्रामों में बनेंगी लाड़ली बहना सेनाएँ: मुख्यमंत्री श्री चौहान

Updated on 22-05-2023 04:26 AM

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बहनों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ संचालित हैं। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और कार्यों पर निगरानी रखने के लिए लाड़ली बहना सेनाओं की भूमिका को सक्रिय बनाया जाएगा। सभी ग्रामों में लाड़ली बहना सेनाएँ बनेगी। बड़े ग्रामों में 21 सदस्य और छोटे ग्रामों में 11 सदस्य शामिल की जाएंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नागरिकों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का उद्देश्य है। प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएँ तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं। आगामी 15 अगस्त तक एक लाख शासकीय पदों की भर्ती का कार्य पूर्ण होगा। भर्ती की प्रक्रिया निरन्तर जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री चौहान आज धार जिले के गंधवानी में लाड़ली बहना महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। महासम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री चौहान और केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री गोयल एवं केन्द्रीय टेक्सटाईल राज्य मंत्री श्रीमती दर्शना विक्रम जरदोश के पहुँचने पर बहनों ने अगवानी की। जनजातीय समाज द्वारा पारंपरिक रूप से और तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथियों को धार जिले के प्रख्यात बाग प्रिंट के वस्त्र भेंट किये गये। मुख्यमंत्री ने 229 करोड़ 66 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 187 करोड़ 76 लाख रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। जहाँ विभिन्न संपत्तियाँ महिलाओं के नाम पर पंजीकृत हो रही हैं वहीं बहनों के कल्याण के लिए कई अभिनव योजनाएँ संचालित हैं। लाड़ली बहना योजना प्रारंभ करने से प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण का कार्य आसान हुआ है। योजना से मिलने वाली राशि से महिलाओं को छोटे-छोटे खर्चों के लिए अन्य लोगों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में विशेष पिछड़ी जनजाति बेगा, सहरिया और भारिया के लिए 1000 रूपये मासिक प्रदान करने की योजना प्रारंभ की गई थी। इस राशि से महिलाएँ घर में फल, दूध, सब्जी आदि खरीदने का कार्य कर सकती हैं। लाड़ली बहना योजना भी इस विचार का विस्तार है। इसमें विशेष पिछड़ी जनजातियों के अलावा सभी बहनों के लिए प्रतिवर्ष 12 हजार रूपये प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 जून से महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने लगेगा। पूर्व सरकार ने संबल योजना को बंद कर दिया और कन्याओं के विवाह के लिए सहायता देना भी बंद हो गया था, जिसे पुनः प्रारंभ किया गया। गरीब वर्ग के हित में सीएम राइज विद्यालय उपयोगी होंगे। ग्रामों में निर्धन तबके के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों की व्यवस्था होना चाहिए। इसी तरह हिंदी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की पहल भी की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीखो और कमाओ योजना से युवाओं को सहायता देने की जानकारी भी दी। धार जिले में पीएम मित्र पार्क प्रारंभ होने से क्षेत्र में महिलाओं को आसानी से रोजगार उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामों में कन्या के जन्म पर कुछ दशक पूर्व मायूसी देखने को मिलती थी लेकिन अब परिवर्तन आ रहा है। मध्यप्रदेश में बहनें और बेटियाँ सम्मान की पात्र हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने योजनाओं के क्रियान्वयन में जन-सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा जन-कल्याण के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों, लाड़ली लक्ष्मी से लेकर लाड़ली बहना योजना तक महिला सशक्तिकरण के लिए प्रारंभ की गई योजनाओं और कार्यक्रमों का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना सिर्फ योजना नहीं, एक सामाजिक क्रांति है। महिलाओं के सम्मान के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। शराब अहातों को बंद किया जाना, इस कड़ी में लिया गया अहम फैसला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के प्रति धार जिले में काफी उत्साह देखा जा रहा है। सम्मेलन में इसकी झलक मिली जब "अब जियो लाड़ली बहना, बढ़ चलो लाड़ली बहना..." गायन काफी देर चला।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनजातीय वर्ग के गरीबों के लिए पेसा नियम उपयोगी है। धार जिले के सभी विकासखंडों में इसे लागू किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से समस्याओं के निराकरण के लिए सजग होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर संकल्प लिया कि वे अभियान का लाभ लेंगे।

निवेश के रास्ते में कोई बाधा नहीं : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रति सोमवार निवेशक की चर्चा के लिए उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जाता है। धार जिले के पीएम मित्र टेक्सटाईल पार्क से दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहना महासम्मेलन में जनता के बीच जाकर उनका अभिवादन किया। कन्या-पूजन से कार्यक्रम शुरू हुआ। अतिथियों को आम जनता ने उपहार भी प्रदान किए। विशाल पुष्पाहार से अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर धार जिले के 13 विकासखंड की बहनों ने जिले की 90 हजार बहनों की ओर से मुख्यमंत्री श्री चौहान को पाती (चिट्ठियाँ) सौंपी जिसमें मुख्य मंत्री लाड़ली बहना योजना प्रारंभ करने के लिए धन्यवाद दिया।

केंद्रीय टेक्सटाईल राज्य मंत्री श्रीमती दर्शना विक्रम जरदोश ने कहा कि यह सौभाग्य है कि मुझे मध्यप्रदेश आने का अवसर मिला है। धार जिले में टेक्सटाईल क्षेत्र में अद्भुत कार्य होगा। इसमें महिलाओं की सहभागिता भी होगी। महिलाओं की भागीदारी से अच्छे परिणाम मिलेंगे। मध्यप्रदेश सजग भी है और गजब भी है। इसे प्रधानमंत्री श्री मोदी भी मानते हैं। पीएम मित्र टेक्सटाईल पार्क से महिलाएँ अधिक सशक्त होंगी। मध्यप्रदेश कई उत्पादों में जीआई टैग प्राप्त कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान के आग्रह पर केंद्र सरकार ने यह पार्क स्वीकृत किया है। इससे क्षेत्र का बहुमुखी विकास होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान का पार्क के लिए जमीन और अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर आभार माना। उन्होंने कहा कि हम सब मिल कर तेजी से कार्य करेंगे। पार्क से धार अंचल के विकास को गति मिलेगी और करीब 2 लाख लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

मध्यप्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद श्री छतर सिंह दरबार और पूर्व मंत्री सुश्री रंजना बघेल ने भी संबोधित किया। महासम्मेलन में धार जिले की बहनें बड़ी संख्या में शामिल हुई।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिले के गंधवानी में लाड़ली बहना महासम्मेलन के पश्चात पेसा नियम अंतर्गत गठित समितियों के सदस्यों से भी बातचीत की।

धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेढ़ा, पूर्व मंत्री श्रीमती रंजना बघेल, मप्र युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, मनोज सोमानी,धार जिला योजना समिति सदस्य श्री जयदीप पटेल, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति और निवेश संवर्धन श्री मनीष सिंह, इंदौर संभाग कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर धार श्री प्रियंक मिश्रा, डीआईजी श्री चंद्रशेखर सिंह सोलंकी, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सिंह, पूर्व सांसद सावित्री ठाकुर, पूर्व विधायक श्री करण सिंह पवार, पूर्व विधायक श्री वेलसिंह भूरिया, पूर्व विधायक कालूसिंह ठाकुर सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 06 August 2026
भोपाल : भोपाल में कॉन्क्लेव डायमंड स्टेट्स , मध्य प्रदेश का सफल आयोजन किया। "अभ्युदय मध्य प्रदेश :विरासत से विकास, विकसित भारत की नई शक्ति" थीम पर आयोजित इस सम्मेलन…
 01 August 2026
इस फ्रेंडशिप डे (2 अगस्त) के अवसर पर एयरटेल ने अपने ग्राहकों के लिए दोस्ती का जश्न मनाने का एक नया और खास तरीका पेश किया है। अब एयरटेल ऐप के जरिए…
 01 August 2026
इंदौर। “सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव शिक्षा पर टिकी होती है और पुस्तकें उस नींव को मजबूती देने वाला सबसे सशक्त माध्यम हैं। जब समाज का जिम्मेदार नागरिक…
 24 July 2026
इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार, 26 जुलाई, को डॉ. संदीप जुल्का के नेतृत्व में टीम हेल्थकेयर सोल्जर्स द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी…
 18 July 2026
इंदौर: कबाब की खुशबू, दम बिरयानी का लज़ीज़ स्वाद और पारंपरिक करीज़ का असली जायका अब एक ही जगह पर मिलने वाला है। एसेंशिया लग्ज़री होटल इंदौर में 26 जुलाई…
 18 July 2026
भोपाल  आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (AESL), जो टेस्ट की तैयारी कराने वाली सर्विसेज़ में देश की लीडर है, ने गर्व के साथ बताया कि भोपाल में उसके क्लासरूम प्रोग्राम के अनेक…
 16 July 2026
भोपाल : मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक, शिक्षाविद एवं कार्यपरिषद सदस्य, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता को…
 14 July 2026
भोपाल। बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 के अवसर पर बिड़ला ओपन माइंड्स के प्रबंध निदेशक निर्वाण बिड़ला ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को…
 13 July 2026
नई दिल्ली : भारत में निजी क्षेत्र की अग्रणी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी इर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को मध्य प्रदेश सरकार ने खरीफ, 2026 सीजन के लिए अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर,…
Advt.