भोपाल : राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय (NLIU) भोपाल और राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी, क्षेत्रीय परिसर, भोपाल के मध्य एक एमओयू हस्ताक्षरित किया गया। इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थानों में प्रशिक्षण और शैक्षणिक कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सक्रिय समन्वय से कानून से सम्बन्धित जानकारियों से संस्थान में प्रशिक्षण की गुणवत्ता में बढ़ोतरी होगी तथा निरंतर शैक्षिक गुणवता का विकास होगा। विधि व्यवसाय एक ऐसी जटिल विधा है जहाँ कानूनी ज्ञान के साथ-साथ उसका व्यावहारिक प्रयोग भी समझाना आवश्यक है, जिसका इस MoU के माध्यम से, राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी, क्षेत्रीय परिसर, भोपाल, आयकर विभाग के वरिष्ठ एवं योग्य प्रशिक्षकों द्वारा छात्रों को पढ़ाया एवं समझाया जा सकेगा | उसी प्रकार आयकर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण के दौरान NLIU, भोपाल के प्रवक्ताओं के द्वारा विधि सम्बंधित बारीकियां भी समझायी जा सकेंगी ।
राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी, क्षेत्रीय परिसर, भोपाल की ओर से आयकर अपर महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्री राजकुमार घोष और विधि संस्थान की ओर से वाइस चांसलर डॉ. एस. सूर्य प्रकाश ने मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी, क्षेत्रीय परिसर, भोपाल से राम प्रकाश मौर्य, अपर निदेशक (प्रशिक्षण), डॉ. रवींद्र नाथ सिंह, अपर सहायक निदेशक (मुख्यालय/प्रशिक्षण), तथा विधि संस्थान से विवेक बक्सी, रजिस्ट्रार, सुनील कुमार यादव एवं वीरेंद्र पटेल, सहायक रजिस्ट्रार (वित) उपस्थित रहे। इस MoU से भविष्य में दोनों संस्थान अपने यहां आए छात्राों एवं प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ प्रवक्ता भी आयकर एवं विधि सम्बंधित सैद्धांतिक और व्यवहारिक पहलुओं को भली भांति समझा सकेंगे। इसी कड़ी में राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी, क्षेत्रीय परिसर, भोपाल पूर्व में रबिन्द्र नाथ टैगोर यूनिवर्सिटी (RNTU), भोपाल से भी इसी उद्देश्य से एक MoU विगत महीने में हस्ताक्षरित किया था ।