
भोपाल : पिछले कुछ महीनों में राज्य भर में आयोजित की गई सात रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की अपार सफलता के बाद, माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, मध्य प्रदेश, द्वारा बहुप्रतीक्षित "इन्वेस्ट मध्य प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025" का आयोजन 24 और 25 फरवरी को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को करेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, मध्य प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना है। "असीम संभावनाएँ" (इनफिनिट पॉसिबिलिटीज) थीम पर आधारित इस दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन में विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं, और निवेशकों की भागीदारी होगी, जिससे मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। दोनों ही दिन विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति की उम्मीद है, जिसमें प्रमुख रूप से श्री अमित अग्रवाल, सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, अतुल कुमार तिवारी, सचिव, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार, ऑगस्टे तानो कोउमे, कंट्री डायरेक्टर, वर्ल्ड बैंक, अमित कुमार मित्तल, सीईओ, जिंदल इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी, दीपेश नंदा, MD & CEO, टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी, प्रो धीरज कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, IIT (ISM), धनबाद, मिथिलेश्वर ठाकुर, सेक्रेटरी जनरल, AEPC, श्रीमती पूनम शर्मा भांबरी, सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर, एशियन डेवलपमेंट बैंक, राहुल अवस्थी, ग्लोबल हेड, ऑपरेशन्स, सन फार्मास्युटिकल्स, आदि शामिल हैं।
समिट के पहले दिन, 24 फरवरी को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद, कई महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। इस दिन विभागीय शिखर सम्मेलन नवीकरणीय ऊर्जा और आईटी एवं प्रौद्योगिकी पर केंद्रित होगा। थीमेटिक सत्रों में "मॉलीक्यूल और मशीन" (फार्मा एवं मेडिकल डिवाइसेज) और "मानव संसाधन में निवेश" (कौशल विकास) शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, ग्लोबल साउथ पर एक विशेष “कंट्री सेशन” आयोजित किया जाएगा। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। दिन का समापन एक भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा।
समिट के दूसरे दिन 25 फरवरी को माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दिन, विभागीय शिखर सम्मेलन में नवीकरणीय ऊर्जा, प्रवासी मध्य प्रदेश, पर्यटन, खनन, MSME और स्टार्टअप, तथा शहरी विकास पर चर्चा होगी। थीमेटिक सत्रों में "बुनाई एक नए युग की" (कपड़ा एवं परिधान उद्योग), "बीज से शेल्फ तक" (खाद्य प्रसंस्करण और बागवानी), और "मध्य प्रदेश को दुनिया से जोड़ना" (लॉजिस्टिक्स) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष “कंट्री सेशन” भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों के साथ एक बार फिर वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इसी दिन MP बिजनेस एग्जीक्यूटिव मीट (B2B बैठकें) और MP सरकार और व्यवसाय बैठक (B2G बैठकें) जैसी महत्वपूर्ण समानांतर गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कई एक्सिबिशन और एक्सपो का आयोजन भी किया जाएगा। MP मोबिलिटी एक्सपो में परिवहन की भविष्य की तकनीकों और सस्टेनेबल सोलूशन्स को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे एफिशिएंसी और सस्टेनेबिलिटी में सुधार होगा और मध्य प्रदेश के परिवहन क्षेत्र के आधुनिकीकरण को बल मिलेगा। सेंट्रल इंडिया फैब्रिक और फैशन एक्सपो राज्य के वस्त्र और फैशन उद्योग की भव्यता को दर्शाएगा, जहाँ कपड़ा एवं परिधान से जुड़े नवीनतम ट्रेंड, उत्पाद और नवाचार प्रस्तुत किए जाएंगे, जो उद्योग जगत, डिजाइनरों और व्यवसायों के लिए एक शानदार मंच होगा। मध्य प्रदेश लिगेसी पैवेलियन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को दर्शाने का माध्यम बनेगा, जिसमें ऐतिहासिक कलाकृतियाँ, इंटरेक्टिव प्रदर्शन और आधुनिक नवाचारों की झलक देखने को मिलेगी, जो परंपराओं और विकास की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा।
मध्य प्रदेश सरकार राज्य को उद्योगों और निवेशकों के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। पिछले सात रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के दौरान निवेशकों ने मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर बड़ी उत्सुकता दिखाई। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 2.46 लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस सफलता को देखते हुए राज्य सरकार ने इस बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स सुमित आयोजित करने का निर्णय लिया, जिससे राज्य में निवेश और बड़ी संख्या में रोजगार सृजन की सम्भावना है। यह समिट राज्य में निवेशकों को असीम संभावनाओं के द्वार खोलने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।
---