आजतक की पंचायत में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव पर खूब हुई सियासी बातें

Updated on 15-09-2023 11:13 PM
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले सियासी दलों ने चुनावी प्रचार तेज कर दिया है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और दल-बदल से सत्ता के समीकरण भी साधने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी,सपा और बसपा सारे सियासी समीकरण तलाश रही हैं, ताकि जीत पक्की की जा सके। इस बीच शुक्रवार को आजतक न्यूज चैनल  ने भोपाल में पंचायत आजतक का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सीएम उमा भारती, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रहलाद सिंह पटेल, कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, जीतू पटवारी, वीडी शर्मा, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, सुरेश पचौरी, विश्वास सारंग, कैलाश विजयवर्गीय, अरुण यादव समेत कई दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया गया था। इसमें लोक गायिका नेहा सिंह राठौर और कवयित्री अनामिका जैन अंबर ने भी हिस्सा लिया।
शिवराज बोले- कमलनाथ हमेशा रोते रहते थे कि पैसा नहीं है.
पंचायत आजतक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में चुनावी जीत का दम भरा और सरकारी योजनाओं को गिनाया। शिवराज ने कांग्रेस और कमलनाथ को भी घेरा और उन पर सवाल उठाए। शिवराज ने कहा कि मुझसे पहले राज्य में मुख्यमंत्री कमलनाथ थे और वो हमेशा रोते रहते थे कि पैसा नहीं है, पैसा नहीं है. लेकिन, आज आप देखिए कि सारे काम हो रहे हैं। शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश को अगर भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया था तो वो कमलनाथ की 15 महीने की सरकार थी। मध्य प्रदेश का सचिवालय वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया था। छापे किसके यहां पड़े थे और किनके करीबियों की संपत्तियां बरामद की गई थीं? पैसा कहां जाता था ? इसका जवाब तो कमलनाथ और कांग्रेस को देना चाहिए।
शिवराज ने कहा कि इस मैच की फिनिशिंग तय हो गई है। अब तक की सबसे बड़ी जीत मध्य प्रदेश में बीजेपी हासिल करेगी। शिवराज ने आगे कहा कि जब बाढ़ आती है तो सारे जीव-जंतु एक ही पेड़ पर चढ़ जाते हैं। उसी डाल पर सांप बैठ जाता है और बंदर भी आकर बैठ जाता है। आदमी भी चिपका रहता है। ताकि बाढ़ के पानी से बचा जा सके। मोदीजी के लिए समर्थन की बाढ़ से डरकर विपक्षी दल एक पेड़ पर जा बैठे हैं। शिवराज ने कहा कि हमने चुनावों को देखकर घोषणाएं पूरी नहीं की हैं। मैं जहां जाता हूं, वहां घोषणाएं करता हूं। मुख्यमंत्री क्या करेगा? लोगों के बीच जाकर रोएगा क्या... मेरे पास पैसा नहीं है? मैं कहता हूं कि मेरे पास पैसा नहीं है... पैसे की व्यवस्था करता हूं। अगर पैसे नहीं हैं तो मुख्यमंत्री ही क्यों बने?
सिंधिया बोले- मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा मध्यप्रदेश का चुनाव
आजतक के मंच पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य की सत्ता में फिर से बीजेपी आने का दावा किया। सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि मुझे सड़क पर आने की चुनौती दी गई थी। सिंधिया ने यह भी कहा कि आने वाला मध्यप्रदेश का चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। सिंधिया ने कहा कि पांच साल पहले मेरा वक्तव्य अलग था, क्योंकि मेरे दिल के अंदर एक ज्वालामुखी था। अगर जनता मौका देगी तो बेहतर करके दिखाएंगे, लेकिन 15 महीने में झूठ, लूट और फूट की सरकार स्थापति हो गई। आशाओं और अभिलाषाओं पर पानी फेर दिया गया। वादाखिलाफी की गई और मुझे ललकारा गया कि सड़क पर आ जाओ। तब आप क्या करोगे? यह तय नहीं करोगे कि सड़क पर आ जाओ। सिंधिया ने कहा कि मेरी मंशा कुर्सी पर आने की नहीं थी। हां यह सही है कि 2018 के चुनाव में मेरा योगदान रहा है। मुझे चुनाव बाद कांग्रेस हाईकमान ने कहा कि कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया गया है। मैंने भी कहा कि बनाइए। हम साथ थे। मैं पहले भी सीएम पद का उम्मीदवार नहीं था। आज भी सीएम पद का उम्मीदवार नहीं हूं। मैं विकास की मंशा के साथ काम करता हूं। सिंधिया ने कहा कि आज बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार के साथ आ रही है। मैं यह बताना चाहता हूं कि 2018 में भी जब मैं कांग्रेस में था, तब मैंने टिकट के लिए सिर्फ उत्कृष्ट प्रत्याशियों के नाम आगे बढ़ाए थे। जो उपयुक्त व्यक्ति है, उसी का नाम देना चाहिए। आज भी इस श्रेणी में उन लोगों का नाम दे रहा हूं, जो मानता हूं कि उत्कृष्ट हैं। मेरे साथ जुड़े हों या नहीं। मेरा लक्ष्य सिर्फ सरकार बनाना है। सरकार बनना चाहिए।
सनातन पर किसी भी नागरिक को समझौता नहीं करना चाहिए - प्रहलाद सिंह पटेल
खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने  आजतक के मंच पर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने  सनातन मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि सनातन का जो मुद्दा है, जब भी दुनिया में लोग हम पर हमलावर हुए लेकिन हमारी जड़े मजबूत थी इसलिए हम लोग खड़े रहे। सनातन पर किसी भी कीमत पर भाजपा को क्या, देश के किसी भी भारतीय को समझौता नहीं करना चाहिए बल्कि इस पर चिंतन करना चाहिए और चिंता भी करनी चाहिए। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि मैं जल शक्ति मंत्रालय में मंत्री हूं, कमलनाथ  जब सरकार में थे तो उन्होंने जल जीवन मिशन शुरू नहीं होने दिया। जब आप सरकार में थे तो आपने जल जीवन मिशन की योजना को शुरू क्यों नहीं होने दिया। भारत सरकार ने 561 करोड़ दिए थे। 2019 में मध्यप्रदेश में 12.6 फीसदी नए जल कनेक्शन थे। यानी 13 लाख के आसपास थे। 1 करोड़ 12 लाख परिवार हैं इस राज्य में। 2021 तक इसमें केवल 5 लाख की ही बढ़ोतरी हो पाई। उसके बाद जैसे ही सीएण शिवराज ने कमान संभाली आज हम 58 फीसदी पर है। तो यह देखना होगा कि कांग्रेस ने विकास क्यों रोका।
वीडी शर्मा बोले- राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में भरोसा खोया
मध्यप्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पंचायत आजतक के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने फिर से बीजेपी के सरकार बनाने का दावा किया और कांग्रेस पर हमला बोला। वीडी शर्मा ने कहा कि बीजेपी को जीत का पूरा भरोसा है। यही वजह है कि पार्टी ने चुनाव से पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मैं केंद्रीय नेतृत्व का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने 39 प्रत्याशी घोषित किए हैं। इसका पॉजिटिव रिस्पॉन्स आ रहा है। इसका व्यापक लाभ भी मिलने की उम्मीद है। दूसरे लोग पहले से उम्मीदवार घोषित करने से डरते हैं। बीजेपी की दूसरी सूची कभी भी आ सकती है।
मुफ्त की घोषणाओं के ऐलान पर शर्मा ने कहा कि बीजेपी कभी इस तरह की घोषणाएं नहीं करती है। ना ही बीजेपी नेतृत्व कभी इसकी इजाजत देता है। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर काम किया है। स्ट्रीट वेंडर का ऋण दिया है। ये मुफ्त नहीं है, बल्कि समाज के सशक्तिकरण के लिए काम किया है। किसान सम्मान निधि भी सशक्तिकरण के लिए दिया जा रहा है। मैं खुद किसान का बेटा हूं। मुख्यमंत्री ने लाडली बहना योजना से पहले लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की थी। प्रदेश में बेटियां पैदा होना अभिशाप माना जाता था। आज 45 लाख बेटियां लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ उठा रही हैं। ये बड़ा सामाजिक बदलाव आया है।
सुरेश पचौरी बोले- सनातन पर हमें गर्व है
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी ने 'पंचायत आजतक मध्य प्रदेश'में शिरकत करते हुए कहा कि इस बार चुनाव में राज्य से शिवराज सिंह सरकार की विदाई हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि 2023 में प्रदेश की महान जनता का साथ हाथ के साथ होगा। पचौरी ने कहा कि चुनाव में कई फैक्टर होते हैं, जो राजनीतिक दल चुनावी मैदान में हैं उन्होंने समय-समय पर जनता से जो वादे किए उन वादों की पूर्ति की दिशा में क्या कदम उठाए गए। फिर उम्मीदवार एक फैक्टर होते हैं, फिर जो सरकार सत्ता में रहती है उसके कामकाज का ब्यौरा मतदाता के सामने रहता है।
पचौरी ने शिवराज और केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन फेल हो चुके हैं। मैं इशारा कर रहा हूं भाजपा की केंद्र सरकार और भाजपा की राज्य सरकार की तरफ। मोदी जी ने देश की जनता को वादा किया था कि हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये आएंगे। काला धन वापस आएगा। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी होगी। सबको आवास दिया जाएगा। इसका जवाब जनता के सामने है। अब मध्य प्रदेश की बात करते हैं। मध्य प्रदेश में 22 हजार घोषणाएं सीएम चौहान ने कर दी हैं। शिवराज ने हर घर से एक को रोजगार देने की बात कही थी, नहीं हो पाया वादा पूरा। शिवराज जी ने जो भी वादे किए वो पूरे नहीं हो पाए। सनातन मुद्दे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं सनातन धर्म का होने के नाते अपने आप को गौरवान्वित महसूस करता हूं। मैं टीका लगाता हूं, जनेऊ पहनता हूं, लेकिन दिखाने के लिए नहीं पहनता, ये हमारी आस्था है। सनातन पर हमें गर्व है... सनातन धर्म के मामले में मैं यह कह सकता हूं कि सनातन धर्म पर हमें पहले भी गर्व था और आज भी गर्व है और सनातन धर्म हमें अपनी भारतीय संस्कृति की तरफ प्रेरित करता है। सनातन धर्म के विपरीत कोई बयान देता है तो कांग्रेस पार्टी उससे न कभी सहमत हुई है और न होगी। हमने आधिकारिक रूप से इसका उल्लेख किया है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 01 August 2026
इस फ्रेंडशिप डे (2 अगस्त) के अवसर पर एयरटेल ने अपने ग्राहकों के लिए दोस्ती का जश्न मनाने का एक नया और खास तरीका पेश किया है। अब एयरटेल ऐप के जरिए…
 01 August 2026
इंदौर। “सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव शिक्षा पर टिकी होती है और पुस्तकें उस नींव को मजबूती देने वाला सबसे सशक्त माध्यम हैं। जब समाज का जिम्मेदार नागरिक…
 24 July 2026
इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार, 26 जुलाई, को डॉ. संदीप जुल्का के नेतृत्व में टीम हेल्थकेयर सोल्जर्स द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी…
 18 July 2026
इंदौर: कबाब की खुशबू, दम बिरयानी का लज़ीज़ स्वाद और पारंपरिक करीज़ का असली जायका अब एक ही जगह पर मिलने वाला है। एसेंशिया लग्ज़री होटल इंदौर में 26 जुलाई…
 18 July 2026
भोपाल  आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (AESL), जो टेस्ट की तैयारी कराने वाली सर्विसेज़ में देश की लीडर है, ने गर्व के साथ बताया कि भोपाल में उसके क्लासरूम प्रोग्राम के अनेक…
 16 July 2026
भोपाल : मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक, शिक्षाविद एवं कार्यपरिषद सदस्य, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता को…
 14 July 2026
भोपाल। बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 के अवसर पर बिड़ला ओपन माइंड्स के प्रबंध निदेशक निर्वाण बिड़ला ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को…
 13 July 2026
नई दिल्ली : भारत में निजी क्षेत्र की अग्रणी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी इर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को मध्य प्रदेश सरकार ने खरीफ, 2026 सीजन के लिए अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर,…
 07 July 2026
 इंदौर — द परफेक्ट क्रश, एक एपिसोडिक इंस्टाग्राम रील सीरीज़, का प्रीमियर द क्रश कॉफी, गीता भवन पर हुआ। इस सीरीज़ की कहानी इंदौर के ऋषभ राज शर्मा ने लिखी और क्रिएट की…
Advt.