भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय माखनपुरम बिशनखेड़ी में 10 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.(डॉ.) के.जी.सुरेश और पीआईबी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो के अपर महानिदेशक प्रशांत पाठराबे ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.(डॉ.) के.जी.सुरेश ने कहा कि आज योग हमारे स्वास्थ्य लिए एक अनिवार्य आवश्यकता है। यह व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक है। उन्होंने कहा कि आज योग की स्वीकार्यता देश-विदेश हर जगह है। यहां तक खाड़ी के देशों में भी योग को लोग अपना रहे हैं और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना रहे हैं। डॉ. सुरेश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से योग का लोकतांत्रीकरण हुआ है। यह आम और खास सबके बीच काफी लोकप्रिय हुआ है और इसका सारा श्रेय़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, अधिकारी एवं कर्मचारियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन एवं एमसीयू के सहयोग से विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में किया गया है।
इस अवसर पर पीआईबी और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के अपर महानिदेशक श्री प्रशांत पाठराबे ने कहा कि सीबीसी द्वारा इंदौर, रीवा, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, छतरपुर, झाबुआ, मंदसौर समेत प्रदेश भर में ऐसे 12 कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक योग के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। श्री पाठराबे ने कहा कि तन-मन को स्वस्थ रखने के लिए योग काफी जरूरी है।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यरो द्वारा ‘योग’ पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी प्रो.(डॉ.) के.जी.सुरेश और अपर महानिदेशक प्रशांत पाठराबे ने किया। प्रदर्शनी में ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, मकरासन जैसे योग के विविध आसनों और प्रणायाम की विधियों को चित्रों के माध्यम से सरल और सहज तरीके से समझाया गया है। यह प्रदर्शनी दो दिन तक चलेगी।
इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के गीत एवं नाटक प्रभाग द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों ने ‘सुनो रे सुनो रे नर नारी आई है अब योग करने की बारी...’ एवं अन्य गीतों की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया और लोगों को इन गीतों पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया।