भोपाल / प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी राजधानी यादव समाज,भोपाल के तत्वावधान में वर्ष 2025 का युवक-युवती परिचय सम्मेलन, स्मारिका विमोचन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह सुभाष यादव समन्वय भवन, न्यू मार्केट में सम्पन्न हुआ। जिसमें मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान व गोवा से आये यादव समाज के परिजनों ने पुत्र / पुत्रियों के लिये योग्य वर-वधु का परिचय प्राप्त किया। सम्मेलन में लड़कों व लड़कियों ने अपना परिचय बेबाकी से दिया। इस अवसर पर अच्छे जीवन साथी की तलाश में 400 युवक व युवतियों तथा उनके परिजनों ने परिचय प्राप्त किया। गोवा से पधारे साकेत यादव जो कि गोवा एयरपोर्ट अथारिटी, गोवा में असिस्टेंट मैनेजर पद पर कार्यरत है, खुले विचारों वाली व परिवार को साथ लेकर चलने वाली जीवन साथी की चाह रखी। राजस्थान की कु. पारस अहीर ,जो कि बैंगलौर में जॉब कर रही है, ने संयुक्त परिवार व समाज के प्रति समर्पित भाव वाला जीवन साथी की अपेक्षा की। ग्वालियर से पधारी नम्रता यादव जो कि सोलर ग्रुप में कार्य करती है, ने लगभग समान विचारों, परिवार व जॉब में भी खुले विचारों से साथ देने वाला जीवन साथी की बात रखी।
राजधानी यादव समाज के अध्यक्ष राम स्वरूप यादव ने समाज के लिए परिचय सम्मेलन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिचय सम्मेलन एक माध्यम है, जिससे आप विवाह योग्य युवक-युवतियों से एक मंच पर रूबरू हो सकते हो। ऐसे सम्मेलन हर जिले में होना चाहिए । राजधानी में सभी के सहयोग से बन रही धर्मशाला व मंदिर की जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला का निर्माण चल रहा है, जिससे समाज को भोपाल में कार्यक्रम के लिए अपना भवन हो जायेगा। मृत्यु भोज यानि तेरवी पर समाज को पाबंदी लगना चाहिए ।
परिचय सम्मेलन में परिचय पुस्तिका का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. बी.एस. यादव हृदय रोग विशेषज्ञ, आर.एल.एस. यादव पूर्व डी.जी.पी. छत्तीसगढ़, रोहन सिंह यादव, कृष्णा मर्केन्टाईल्स बैंक, तोरण सिंह यादव समाजसेवी, कंवर सिंह यादव समाजसेवी तथा रेनू यादव पूर्व मिस इंडिया को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सचिन यादव, विधायक एवं पूर्व मंत्री, हर्ष यादव पूर्व मंत्री, राजेन्द्र सिंह अध्यक्ष यादव समाज (यदुवंशी) समाज, महेन्द्र सिंह यादव पूर्व अध्यक्ष बीज विकास निगम, राव राजकुमार सिंह पूर्व विधायक, विनोद यादव मिलेनियम कालेज, जगदीश यादव पार्षद, योगेन्द्र सिंह मंडलोई कार्यकारी अध्यक्ष, अ.भा. यादव महासभा,निरपंद्र यादव,यादव बिल्डर्स सहित अनेक गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे।