
मध्यप्रदेश के अधिकांश शहरों में बुधवार से भारी बारिश से राहत मिलना शुरू हो जाएगी, लेकिन भोपाल में अगले 24 घंटे तक तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। राजधानी में 20 जून से बारिश शुरू हुई थी। अब तक करीब 32 इंच बारिश हो चुकी है। यह कोटे से दो गुना है। भोपाल में अब तक 16 इंच पानी गिरना चाहिए।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल के अलावा सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और विदिशा में बारिश होगी। गुरुवार से इन इलाकों में तेज बारिश में कमी आएगी। भरपूर बारिश की वजह से भदभदा, कलियासोत और कोलार तक के गेट खोलना पड़ गए। केरवा डैम का फुल टैंक लेवल 1673 फीट है। इस बार यह डैम 1669.29 तक भर चुका है, यानी फुल भराने में डैम अभी भी साढ़े 3 फीट तक खाली है। इतना पानी आने के बाद ही डैम के गेट ऑटोमेटिक खुल जाएंगे।