
मप्र में भाजपा महापौर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान दिल्ली से होगा। दो दिनों तक चले मंथन के बाद भी निर्णय नहीं होने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान सोमवार दोपहर लिस्ट लेकर दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां पर करीब आधे घंटे तक नामों को लेकर चर्चा हुई।
सीएम ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ बंद कमरे में महापौर पद के उम्मीदवार चयन को लेकर चर्चा की। सूत्रों की मानें तो सीएम यह तय हुए नामों को शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखेगी। इसके बाद वहां से हरी झंडी मिलने पर रात तक महापौर प्रत्याशी घोषित हो सकते हैं।
सीएम शिवराज दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कुछ अन्य मंत्रियों से भी बात करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा करेंगे।
महापौर की रायशुमारी में मौजूद रहीं कृष्णा गौर
भोपाल महापौर के प्रत्याशी को लेकर बीजेपी कार्यालय में रायशुमारी हुई। इसमें मंत्री विश्वास सारंग, विधायक कृष्णा गौर, रामेश्वर शर्मा, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।