
भोपाल। नेशनल हेराल्ड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर प्रतिशोध की भावना से काम करने का आरोप लगाया।दिग्विजय सिंह रविवार को भोपाल में मीडिया से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मनी लांड्रिंग का मामला तब दर्ज होता है, जब काले धन को ठिकाने लगाया गया हो। इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड की देनदारी चुकाने के लिए राशि दी थी। जिसका पूरा लेखा-जोखा है, आडिट भी हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले में शिकायतें होने पर चुनाव आयोग ने भी कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में ऐसा कोई प्रविधान नहीं है, जो राजनीतिक दल द्वारा खर्च को प्रतिबंधित या नियंत्रित करता हो।
उन्होंने बताया सोमवार को सभी एआइसीसी सदस्य दिल्ली में इकठ्ठा हो रहे हैं। जहां विरोध की रणनीति तय होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के आरोप गलत हैं। जब वे इस मामले में न्यायालय गए थे, तो सुनवाई पर क्यों नहीं पहुंचे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि गांधी परिवार के किसी सदस्य ने एक पैसा नहीं लिया है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस इस तरह के हमलों ने नहीं डरेगी।