
भोपाल । भाजपा की तेजतर्रार नेत्री और भोपाल से लोकसभा सदस्य साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी। साध्वी के पास शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को अंडरवल्र्ड डान दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का आदमी बताया और हत्या करने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
साध्वी प्रज्ञा ने जब उस व्यक्ति से पूछा कि वह उनकी हत्या क्यों करना चाहता है तो उसने कहा कि जल्द ही पता चल जाएगा। इस पर साध्वी ने जब उससे यह कहा कि मैं जब मर जाऊंगी तो पता कैसे चलेगा। तुम तो मेरी हत्या कर दोगे। पहले ही बता दो। इस पर आरोपित ने उन्हें धमकाते हुए कि मुसलमान पर जहर उगलना। मुसलमान को टारगेट बनाना। मुस्लिम से बैर करना। तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।
हमारा आदमी जब मारेगा तो वह बताएगा कि क्यों मारेंगे। सामने आकर मारेंगे। इस पर साध्वी निडरतापूर्वक उसे चुनौती दी और कहा - दम है तो सामने आकर दिखा। टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 506, 507 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह धमकी मोबाइल नंबर 971569781862 से दी गई है।