
भोपाल । मध्यप्रदेश के वातावरण में नमी कम होने से बादल छंट गए हैं। इस वजह से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं दिन के तापमान में अब फिर बढ़ोतरी होने लगी है।
इसी क्रम में रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा, नर्मदापुरम, रतलाम, राजगढ़ एवं खरगोन में दर्ज किया गया। रतलाम में लू चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से गर्मी के तेवर और तीखे होने की संभावना है। रतलाम, धार, नर्मदापुरम, खरगोन एवं खंडवा में लू चल सकती है।पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है।
गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस वजह से वहां से आ रही गर्म हवाओं से मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने का सिलसिला शुरू हो गया है।उधर अरब सागर और उससे लगे महाराष्ट्र पर सक्रिय प्रति चक्रवात अब गुजरात एवं उससे लगे राजस्थान पर पहुंच गया है।
इस वजह से वातावरण में नमी आने का सिलसिला थम गया है। गुजरात–राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवाओं के कारण मप्र में अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। इस तरह की स्थिति 31 मार्च तक बनी रह सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री से. अधिक रहा।
यह शनिवार के अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री से. की तुलना में 0.8 डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री से. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री से. कम रहा। यह शनिवार के न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री से. के मुकाबले 2.2 डिग्री से. कम रहा। रविवार को हवाओं का रुख पश्चिमी उत्तर–पश्चिमी रहा।