कलेक्टर ने दिए आदेश, मापी जाएगी गुणवत्ता
छिंदवाड़ा जबलपुर । इंदिरा तिराहा से गांगीवाड़ा तक 8 किमी सड़क 8 करोड़ 80 लाख की लागत से बन रही है इसके बावजूद भी इस सड़क के निर्माण में गुणवत्ता नहीं है। कलेक्टर सौरभ सुमन ने मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को इस सड़क के निर्माण कार्यों की जांच करने के आदेश दिए है। सड़क निर्माण को लेकर गुणवत्ताविहीन निर्माण की शिकायतें है। यह 8 किमी सड़क 60 फुट चौड़ी बनना है और मार्ग की सभी पुलिया का निर्माण भी इसमें किया जाना है। निर्माण एजेंसी निर्माण के मानकों का पालन नहीं कर रही है। कलेक्टर सौरभ सुमन ने एक सप्ताह पहले सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को जांच के आदेश दिए थे लेकिन अधिकारियों को इस 8 किमी सड़क का दौरा करने का समय भी नहीं मिला। सोमवार को जब कलेक्टर ने टीएल की बैठक में इस सड़क की जांच रिपोर्ट मांगी तब अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था ऐसे में कलेक्टर ने अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई और एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए है।