
रतलाम । कमलनाथ ने शुक्रवार को रतलाम में आमसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार पुलिस प्रशासन और पैसे के दम पर चल रही है। 17 महीने बचे हैं। जिसके बाद जनता इन्हें सबक सिखाएगी। दरअसल कमलनाथ रतलाम में महंगाई के मुद्दे पर जन आक्रोश रैली और आम सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। कमलनाथ ने कहा कि मोदी जी और शिवराज सिंह चौहान कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में देश के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन जिन स्कूलों में शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र मोदी पढ़ें है, उन्हें कांग्रेस ने ही बनवाया था।
रतलाम पहुंचे कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महंगाई को लेकर जन आक्रोश रैली के बारे में चर्चा की वहीं प्रशांत किशोर के कांग्रेस में आने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि उनका बहुत अनुभव है जिसका लाभ मिलेगा पर हम प्रशांत किशोर के भरोसे नहीं है। अब राजनीति स्थानीय हो गई है। हम गांव गांव और बूथ तक अपने संगठन को मजबूत कर चुनाव लड़ेंगे।
सरकार आमजन को कर रही परेशान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बुलडोजर पॉलिटिक्स को लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय माफिया पर बुलडोजर चलाए गए। इसकी शुरुआत कमलनाथ सरकार ने की, लेकिन अब माफिया से गठजोड़ कर शिवराज सरकार आमजन को परेशान कर रही है। जिनका कोई अपराध नहीं, उनको बेघर किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। वहीं, दिग्विजय सिंह के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में आठ पुलिस प्रकरण दर्ज किए गए। इसका विरोध करने कांग्रेस ने बैठक की है। ब्लॉक स्तर तक इसका विरोध होना था, लेकिन किसी कारण से नहीं हुआ, सभी की अलग-अलग विचारधारा होती है।