
भोपाल । मध्य प्रदेश में आगामी 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
मंगलवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि रमजान के पवित्र माह में पूरे मुस्लिम समुदाय को दिग्विजय सिंह बदनाम कर रहे है। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि भाजपा गरीब मुस्लमान लड़कों को पैसे देकर पत्थर फिंकवाती है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार कर कहा कि दिग्विजय सिंह को क्या हो गया समझ नहीं आ रहा है। पहले तुष्टीकरण की राजनीति के लिए एक कौम को खुश करने के लिए पुलिस पर सवाल उठाए, न्यायपालिका पर सवाल उठाए और अब उस कौम को ही बिकाऊ बता दिया कि पैसे लेकर पत्थर फेंकते हैं।
आपने एक बात तो स्पष्ट कर दी कि पत्थर कहां से आए थे और किसने फेंके थे। आपके पास क्या सबूत है कि उस कौम ने पैसे लेकर पत्थर फेंके। किसी व्यक्ति के बारे में ऐसा कहते तो इतनी पीढ़ा नहीं होती, लेकिन एक कौम को बदनाम करने का काम आपने किया है। वह भी इस पवित्र माह में अच्छा नहीं किया।
बता दें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नीमच दौरे के दौरान दंगों को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था कि कांग्रेस शांति अमन की अपील करती है, लेकिन मेरे पास ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर भाजपा के लोग खुद ही पत्थर फिंकवाते हैं।
उन्होंने कहा कि मेरे पास इसके फैक्ट्स नहीं आए हैं। मैं उसको चेक कर रहा हूं। इसलिए अभी आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन मेरे पास ऐसी जानकारी आ रही है।