
भोपाल । महंगी बिजली के बाद अब उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाएं भी महंगी हो गई हैं। नया बिजली कनेक्शन लेने पर पहले उपभोक्ता से मीटर के पैसे नहीं लिए जाते थे, लेकिन अब सिंगल फेज कनेक्शन लेने पर मीटर के 15 सौ रुपए भी चुकाना होंगे। पहले 23 सौ रुपए में कनेक्शन हो जाता था। अब 38 सौ रुपए तक देना होंगे। बिजली नियामक आयोग ने यह आदेश जारी किया है। हालांकि शहर में विसंगति यह है कि कंपनी प्रबंधन ने सिंगल फेज, थ्री फेज के रेट जारी ही नहीं किए हैं।
चार किलोवॉट का घरेलू कनेक्शन पहले 10 हजार 500 रुपए में मिल जाता था। अब इसमें 35 सौ रुपए थ्री फेज मीटर के और जुड़ेंगे। कुल 14 हजार रुपए देना होंगे। इसी तरह बाजारों में ज्यादातर दुकानदार एसी, लाइटिंग के लोड के हिसाब से चार किलोवॉट का कमर्शियल कनेक्शन लेते हैं। इसके लिए पहले
13120 रुपए देना होते थे। इसमें भी 35 सौ रुपए मीटर के जुड़ेंगे। इस श्रेणी का कमर्शियल कनेक्शन
16620 रुपए का होगा। 1 जुलाई से बिजली कंपनी नए रेट जोन के लिए जारी करेगी।