आपकी निष्ठा आपको यहां लाई है कमलनाथ
छिंदवाड़ा जबलपुर । शहर के शहनाई लॉन में सोमवार को कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर लगा जिसमें छिंदवाड़ा सहित सिवनी, बालाघाट और बैतूल जिले के पदाधिकारियों को पार्टी गाइडलाइन का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने आमजनों के बीच कार्य करने की बेहतर तौर तरीके पदाधिकारियों को सिखाए। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि शिविर में आपको कांग्रेस के प्रति आपकी निष्ठा खींचकर लाई है। कांग्रेस की सोच, नीति और कार्यशैली से आप प्रभावित हैं इसलिए आज आप लोग यहां बैठे हैं। आप केवल कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं आप इस संविधान के रक्षक भी है। आज संविधान गलत हाथों में है। संस्कृति और सभ्यता पर हमला बोला जा रहा है, आप सभी लोगों को आम जनता से मिलकर उन्हें समझना होगा कि किसी तरह आज बाबा साहब अम्बेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान पर हमला किया जा रहा है।
आप सभी लोगों को पूरी जिम्मेदारी से पूरा करना होगा। भाजपा आज हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा रही है जिनकी पार्टी में एक भी स्वतंत्रता सेनानी नहीं है ।
हम प्रचार-प्रसार में पीछे है नकुलनाथ
शिविर में सांसद नकुलनाथ ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी कमी है हम प्रचार प्रसार में पीछे है। सबसे आवश्यक बात है हमें जवाब देना सीखना होगा। भाजपा के दुष्प्रचार का तत्काल जवाब देना होगा। मैं इस मंच से आप लोगों को सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि प्रचार प्रसार बढ़ाएं।
इन्होंने दिया प्रशिक्षण
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा,भूपेंद्र गुप्ता, पीयूष बघेल, सीपी मित्तल, मिलान पन्त सहित पार्टी के पदाधिकारियो ंने विविध सत्रों में प्रशिक्षण दिया। संचालन महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने किया। शिविर में पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी सहित जिले के पदाधिकारियों ने बेहतर सेवाएं दी और प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।